मुंबई:महाराष्ट्र कांग्रेस की कार्यकारी अध्यक्ष और तिवसा से विधायक यशोमती ठाकुर न पुलिस समझती हैं, न नियम मानती हैं क्योंकि वह एक नेता हैं। वह गुस्से से चिल्लाती हैं, मीटिंग के दौरान अधिकारियों को गालीगलौच भी करती हैं, अब जो विडियो सामने आया है उसमें वह अस्पताल में हंगामा करती हुई नजर आ रही हैं। दरअसल, यशोमती ठाकुर और पुलिस के बीच शुक्रवार को सेंट जॉर्ज हॉस्पिटल में तीखी नोकझोंक देखने को मिली। वह यहां पर कर्नाटक कांग्रेस के विधायक श्रीमंत पाटिल से मुलाकात का प्रयास कर रही थीं। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन से पूछा कि जब यहां कार्डिएक यूनिट नहीं है तो हृदय की बीमारी का इलाज कैसे किया जा रहा है?
यशोमती ठाकुर का एक विडियो सामने आया है। इसमें वह कई पुलिसकर्मियों के साथ तेज आवाज में बातचीत करती हुई नजर आ रही हैं। यशोमती ठाकुर को एक महिला पुलिसकर्मी समझाने की कोशिश करती है तो वह उससे कहती हैं, ‘मुझे टच मत करो। मुझसे बहस मत करो, मैं अपने विधायक को देखना चाहती हूं।’ इस बीच वह अस्पताल प्रबंधन के एक शख्स का हाथ पकड़ लेती हैं, जिसके बाद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी हाथ छुड़वाकर उन्हें दूर करते हैं। यही नहीं, यशोमती उन्हें गालीगलौच भी करते हुए दिखाई देती हैं।
पहले भी गालीगलौच की वजह से आई थी चर्चा में
बता दें कि इससे पहले जल संसाधनों को लेकर अधिकारियों से मीटिंग के वक्त कांग्रेस के ढेरों समर्थकों की मौजूदगी में यशोमती ठाकुर ने सिर्फ गालीगलौच ही नहीं बल्कि तोड़-फोड़ भी की थी। वहां पर मौजूद लोगों ने यशोमती को समझाने की भी कोशिश की लेकिन वह तेज आवाज में अधिकारियों पर दोषारोपण के साथ, उन्हें धमकाती रहीं।
अस्पताल में कांग्रेस नेता यशोमती ठाकुर ने किया गालीगलौच, पुलिस से अभद्रता

