सुहेल हामि।।
लोकसभा चुनाव में हार के बाद कांग्रेस में शुरू हुए त्यागपत्रों के दौर के बीच पार्टी पर आगामी विधानसभा चुनावों में गठबंधन के लिए सहयोगी दलों का दबाव बढ़ रहा है। महाराष्ट्र, झारखंड और हरियाणा में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव हैं। इनमें से महाराष्ट्र और झारखंड में गठबंधन है।
महाराष्ट्र में कांग्रेस और एनसीपी के बीच गठबंधन काफी पुराना है। दोनों पार्टियों ने गठबंधन में लोकसभा चुनाव लड़ा था। विधानसभा चुनाव में कांग्रेस और एनसीपी गठबंधन के पक्ष में हैं। पर कांग्रेस अध्यक्ष पद से राहुल गांधी के त्यागपत्र और उसके बाद इस्तीफों के दौर से गठबंधन को अंतिम रूप देने में देरी हो रही है, जबकि एनसीपी जल्द से जल्द गठबंधन चाहती है।
महाराष्ट्र में चुनाव जल्द : एनसीपी के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि महाराष्ट्र चुनाव में बहुत ज्यादा वक्त नहीं है। भाजपा और शिवसेना ने चुनाव तैयारियां शुरू कर दी है। वहीं, हमारे और कांग्रेस के बीच गठबंधन में देरी हो रही है। हम चाहते हैं कि कांग्रेस जल्द से जल्द इस बारे में फैसला करे, ताकि विधानसभा चुनाव की तैयारियां शुरू की जा सके। हालांकि, पिछला विधानसभा चुनाव दोनों ने अलग-अलग लड़ा था।
कांग्रेस करे फैसला: झामुमो
झारखंड में कांग्रेस ने झामुमो, झाविमो और राजद के साथ गठबंधन में लड़ा था। पार्टी के एक नेता ने कहा कि कांग्रेस इस बार भी गठबंधन में चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। पार्टी ने सभी जिला अध्यक्षों से गठबंधन के बारे में राय मांगी है। इस बीच, झामुमो के एक नेता ने कहा कि कांग्रेस बड़ी पार्टी है। ऐसे में कांग्रेस को जल्द प्रदेश गठबंधन के बारे में फैसला करना चाहिए। विधानसभा चुनाव में ज्यादा वक्त नहीं बचा है।
Thank:/www.livehindustan.com