मुंबई:लगातार चौथे दिन मूसलाधार बारिश से देश की आर्थिक राजधानी मुंबई बेहाल है। कहीं रोड पर घुटनों तक पानी है तो कहीं रेलवे स्टेशन पर जलभराव है। सड़कें तालाब में तब्दील होती दिख रही हैं। स्कूल-कॉलेज जाने वाले बच्चों, दफ्तर जाने वाले कर्मचारियों और कामगारों को इस वजह से काफी मुश्किल झेलनी पड़ रही है। शहर की लाइफलाइन लोकल के पहिए भी बारिश ने थाम दिए हैं। वहीं, कई इलाकों में ट्रैफिक जाम लग गया है। पालघर में भारी बारिश के बाद ट्रैक पर पानी इकट्ठा हो गया, जिससे कई ट्रेनें रद्द करनी पड़ीं। एक नजर मुंबई में भारी बारिश से जुड़े अब तक के अपडेट्स पर:
जलभराव
सोमवार सुबह से हो रही मूसलाधार बारिश के बाद हिंदमाता, सायन,अंधेरी, कुर्ला, बांद्रा, दादर, किंग सर्कल एरिया, चेंबूर इलाकों में जगह-जगह पानी भर गया है। हालत यह है कि बारिश का पानी लोगों के घरों में घुस गया है। चेंबूर इलाके में एक कार पानी में डूबी नजर आई। माटुंगा इलाके में पुलिस स्टेशन के बाहर सड़क पर पानी भर गया। दादर ईस्ट इलाके में स्कूली बच्चे बारिश में भीगते और रोड पर जमा कई फीट पानी से गुजरकर स्कूल जाते दिखे।
रेलवे ट्रैक पर जगह-जगह पानी जमा होने की वजह से लोकल ट्रेनें देरी से चल रही हैं। हार्बर लाइन के वडाला रोड स्टेशन पर ट्रेनें धीमी रफ्तार से चल रही हैं। सेंट्रल रेलवे की मेन लाइन पर ट्रेनों का संचालन चालू है। लोकल ट्रेनों के इकट्ठा होने की वजह से उन्हें धीरे-धीरे निकाला जा रहा है। सेंट्रल रेलवे ने कहा है कि लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। सेंट्रल रेलवे का कहना है कि लो विजिबिलिटी की वजह से लोकल ट्रेनें थोड़ी लेट चल रही हैं।
भारी बारिश की वजह से कई जगह ट्रैफिक जाम के हालात हैं। नवी मुंबई के नेरूल के पास सायन-पनवेल हाइवे पर पानी इकट्ठा हो गया। इसकी वजह से सड़क तालाब में तब्दील हो गई। वहीं, हाइवे से गुजर रहने वाहनों की रफ्तार भी थम गई। इसके साथ ही वेस्टर्न एक्सप्रेस हाइवे पर भी ट्रैफिक रेंगता हुआ नजर आया।
वेस्टर्न रेलवे के मुताबिक मुंबई डिविजन के पालघर इलाके में रविवार रात को मूसलाधार बारिश हुई। इस दौरान 361 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। वहीं सुबह 4 बजे से 5 बजे के बीच एक घंटे के दौरान 100 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई है। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए मुंबई-अहमदाबाद शताब्दी एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों का या तो समय बदला गया है या उन्हें आंशिक रूप से रद्द किया गया है। कुछ ट्रेनों को डायवर्ट भी किया गया है। वेस्टर्न रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी हालात पर नजर बनाए हुए हैं।
भारी बारिश के बाद जुहू एयरपोर्ट के रनवे पर भी पानी भर गया। इस दौरान वहां रनवे के पास मछलियां तैरती दिखाई दीं। (यहां देखें विडियो) बीएमसी स्टाफ ने दादर में जलभराव के बाद मैनहोल खोले हैं।
वेस्टर्न रेलवे के पीआरओ का कहना है कि भारी बारिश की वजह से 13 ट्रे्नों को रद्द किया गया है। ट्रैक पर पानी का स्तर घटने के बाद सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सुबह 8.05 बजे से ट्रेनों का आवागमन 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से किया जा रहा है।
12935– बांद्रा टर्मिनस से सूरत
69139– बोरीवली से सूरत
61002/ 61001– वसई रोड-भोइसर-वसई रोड
09070– वलसाड-वापी
09069– वापी-सूरत
69174– धानू रोड-बोरीवली
93002– धानू रोड-बोरीवली
पालघर रेलवे स्टेशन पर पानी भरने के बाद वेस्टर्न रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए एक हेल्प डेस्क नंबर जारी किया है।
मुंबई सेंट्र्ल रेलवे स्टेशन- 02267645526/02223087299
बांद्रा टर्मिनस- 02267647594/02226435756
दादर- 02267640704
अंधेरी- 02267630053
बोरीवली- 02267634146
भोइसर- 02267638062
विरार- 02267639014
नवसारी- 02267641731/02637250289
वापी- 02267649438/02602462341
वलसाड- 02267649453/026332241904
सूरत- 02267641178/02612401792

