ओवल:भारत ने वर्ल्ड कप में अपने दूसरे मैच में ऑस्ट्रेलिया को 36 रन से हरा दिया। ओवल के मैदान पर हुए इस मैच में भारत ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी। उसने 50 ओवर में 5 विकेट पर 352 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम 50 ओवर में 316 रन पर ऑलआउट हो गई।
भारत की ओर से शिखर धवन ने सबसे ज्यादा 117 रन बनाए। गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह और भुवनेश्वर कुमार ने 3-3 विकेट लिए। उनके अलावा युजवेंद्र चहल भी 2 विकेट लेने में सफल रहे। ऑस्ट्रेलिया की ओर से स्टीव स्मिथ हाइएस्ट स्कोरर रहे। वे 69 रन बनाकर आउट हुए। ऑस्ट्रेलिया के मार्क्स स्टोइनिस अपनी टीम के हाइएस्ट विकेटटेकर रहे। उन्होंने विराट कोहली और महेंद्र सिंह धोनी के विकेट लिए।
पैट कमिंस 7 गेंद पर 8 रन बनाकर आउट हुए। बुमराह की गेंद पर विकेट के पीछे महेंद्र सिंह धोनी ने उनका कैच पकड़ा। नाथन कूल्टर नाइल 9 गेंद पर 4 रन बनाकर आउट हुए। बुमराह की गेंद पर विराट कोहली ने मिड विकेट पर उनका कैच पकड़ा। ग्लेन मैक्सवेल 14 गेंद पर 28 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी के दौरान 5 चौके लगाए। युजवेंद्र चहल की गेंद पर सब्सिट्यूट प्लेयर रविंद्र जडेजा ने उनका पकड़ा। मार्क्स स्टोइनिस बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। उन्हें भुवनेश्वर ने बोल्ड किया।
भुवनेश्वर ने 2 गेंद पहले ही स्टीव स्मिथ को एलबीडब्ल्यू किया था। स्मिथ ने 5 चौके और एक छक्के की मदद से 70 गेंद पर 69 रन बनाए। स्मिथ ने 60 गेंद पर अपना अर्धशतक पूरा किया। यह उनका वनडे का 21वां और वर्ल्ड कप का छठा अर्धशतक है।

