सिधौली:सीतापुर जिले में रामपुरकलां इलाके के रामपुर भुजंग बेहमा चौकी गांव में शनिवार दोपहर मोबाइल फोन पर किसी से बात कर रही पत्नी की पति ने लात घूसों व बेल्ट से निर्मम पिटाई कर हत्या कर दी। महिला की हत्या के दौरान महिला की दो छोटी बहनें भी मौके पर मौजूद रहीं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल व बयानों के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है।
रामपुर कलां इलाके के रामपुर भुजंग निवासी विष्णु कुमार पुत्र हरद्वारी पत्नी सरोज (24) के साथ गांव के बाहर रहता था। बताते हैं कि इस समय सरोज की दो छोटी बहनें प्रियांशी (7) व रीना (5) भी थीं। दोपहर करीब 12 बजे मोबाइल फोन पर बात करने के दौरान कहासुनी हुई। बात बढ़ी तो पति ने आपा खोते हुए पत्नी सरोज की पिटाई शुरू कर दी। बेरहम विष्णु सरोज को तब तक पीटता रहा जब तक उसकी सांसें नहीं थम गईं। विष्णु का विवाह लगभग पांच वर्ष पूर्व महमूदाबाद क्षेत्र के गोहली गांव से हुआ था। सरोज की पिटाई की प्रत्यक्षदर्शी प्रियांशी व रीना की मानें तो उनकी दीदी सरोज फोन पर किसी से बात कर रही थी। तभी जीजा विष्णु आ गए और दोनों में कहासुनी शुरू हो गई।
बात इतनी बढ़ गयी कि विष्णु ने सरोज की लात घूसों और बेल्ट से पीट-पीटकर हत्या कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने विष्णु को हिरासत में ले लिया है। मृतका के पिता ने दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज करवाया है। सीओ अंकित कुमार ने बताया कि मामले में महिला के पिता की तहरीर पर चार लोगों पर दहेज हत्या का केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

