माले:प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को मालदीव पहुंचे। दूसरी बार प्रधानमंत्री बनने के बाद यह उनकी पहली विदेश यात्रा है। मालदीव के राष्ट्रपति इब्राहिम मोहम्मद सोलिह ने प्रधानमंत्री मोदी को निशान इज्जुद्दीन से सम्मानित किया। यह विदेशी प्रतिनिधियों को दिया जाने वाला मालदीव का सबसे बड़ा सम्मान है। मोदी ने कहा, ”आज मुझे मालदीव के सर्वोच्च सम्मान से सम्मानित करके, आप सबने मुझे ही नहीं बल्कि पूरे भारतवर्ष को एक नया गौरव दिया है। भारत प्राकृतिक आपदा या किसी भी समस्या में हमेशा मालदीव के साथ खड़ा रहा है।”
इससे पहले माले के रिपब्लिक स्क्वॉयर में मोदी को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद मोदी ने मालदीव के राष्ट्रपति इब्राहिम मोहम्मद सोलिह के साथ बैठक की। मोदी ने सोलिह को भारतीय क्रिकेट टीम के हस्ताक्षर वाला बल्ला भेंट किया। मोदी मालदीव की संसद को भी संबोधित करेंगे।
माले में भारतीय समुदाय के लोगों से की मुलाकात

ये दूसरी बार है, जब मोदी मालदीव की यात्रा पर जा रहे हैं। इससे पहले मोदी पिछले साल राष्ट्रपति सोलिह के शपथ ग्रहण समारोह में मालदीव गए थे। मोदी सरकार की नेबर फर्स्ट (पड़ोसी पहले) की पॉलिसी रही है। 2014 में पहली बार प्रधानमंत्री बनने के बाद भी मोदी अपने पहले विदेश दौरे पर भूटान गए थे।

