अलीगढ़:उत्तरप्रदेश के अलीगढ़ जिले में पिछले हफ्ते दो साल की बच्ची की हत्या के बाद शुक्रवार को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने दुख जताया। कांग्रेस महासचिव प्रियंका ने ट्वीट किया, ”मासूम बच्ची के साथ हुई अमानवीय घटना ने हिलाकर रख दिया है। इसके दर्द को बयां नहीं किया जा सकता। राहुल ने कहा कि यूपी पुलिस को आरोपियों को कड़ी सजा दिलाना चाहिए। 30 मई को बच्ची घर के बाहर से लापता हो गई थी, इसके बाद 2 जून को उसका शव टप्पल इलाके में मिला था।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद अलीगढ़ पुलिस ने कहा है कि बच्ची के साथ दुष्कर्म नहीं हुआ, बल्कि दम घुटने की वजह से उसकी मौत हुई है। पुलिस ने आपसी रंजिश में बच्ची की हत्या किए जाने की बात कही है। दोनों पक्षों के बीच लेनदेन का विवाद बताया जा रहा है। पुलिस ने मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन का किया है।
आरोपियों के खिलाफ एनएसए की कार्रवाई
एसएसपी आकाश कुलहरि ने बताया कि दोनों गिरफ्तार आरोपियाें के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) लगाने की कार्रवाई की जा रही है। इस मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने का प्रयास करेंगे। घटना के बाद संबंधित थाने के पांच पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है।
बच्ची 30 मई को घर के बाहर से लापता हुई थी
2 साल की ट्विंकल 30 मई को घर के बाहर खेलते समय लापता हो गई थी। परिजन का आरोप है कि उन्होंने पुलिस से शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद 2 जून को उसका शव बरामद हुआ, जिसे जानवरों ने क्षत-विक्षत कर दिया था। परिजन ने बच्ची के साथ दुष्कर्म की आशंका जताई थी।
मां ने कहा-आरोपियों को मिले फांसी की सजा
बच्ची की मां शिल्पा ने मोदी और योगी सरकार से दोषियों को कड़ी सजा दिए जाने की मांग की है। उन्होंने कहा, ‘हम चाहते हैं कि उन्हें मौत की सजा मिले। अन्यथा वे सात साल बाद बाहर आ जाएंगे और फिर इस तरह का दुस्साहस करेंगे।
वहीं, उप्र के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने बच्ची की हत्या के मामले में कहा कि ऐसी घटनाएं हो जाती हैं। लेकिन, उसके बाद सरकार सख्ती से काम करती है। यही कारण है कि उप्र में अपराध का ग्राफ घटा है।

