नई दिल्ली:विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारत मालदीव के क्रिकेट खिलाड़ियों को ट्रेनिंग में और इसे खेल के अपेक्षित स्तर तक लाने के लिए मदद कर रहा है। विदेश सचिव विजय गोखले ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि भारत इस दक्षिण एशियाई देश में एक स्टेडियम के निर्माण की तैयारी भी कर रहा है जिसके लिए भी उन्होंने अनुरोध किया है।
उन्होंने कहा, ”मालदीव के साथ हमारे संबंधों में ध्यान लोगों के बीच रिश्ते पर है और हम इसे मजबूत करने के तरीके देख रहे हैं।” अप्रैल में मालदीव के राष्ट्रपति इब्राहिम मोहम्मद सेालिह बेंगलुरू में इंडियन प्रीमियर लीग मैच भी देखने पहुंचे थे और फिर उन्होंने मालदीव में भी एक क्रिकेट टीम बनाने की इच्छा व्यक्त की थी तथा इसके लिए अपनी टीम की ट्रेनिंग के मद्देनजर भारत की सहायता की मांग की।
गोखले ने कहा, ”उनके अनुरोध में मालदीव में एक क्रिकेट स्टेडियम बनाना भी है, हम इस पर विचार कर रहे हैं।” उन्होंने कहा कि मंत्रालय मालदीव के क्रिकेटरों को ट्रेनिंग देने के लिए भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (बीसीसीआई) के साथ काम कर रहा है।
उन्होंने कहा, ”मालदीव के क्रिकेटरों को ट्रेनिंग देने के लिए, कोचिंग कार्यक्रम आयोजित करने के लिए और किट मुहैया कराने के लिए बीसीसीआई के एक दल ने मई के शुरू में मालदीव का दौरा किया।”
सोलिह के बेंगलुरू दौरे पर उन्हें भारतीय क्रिकेट कप्तान विराट कोहली, पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धौनी और आईपीएल के मुख्य परिचालन अधिकारी हेमांग अमीन ने जर्सी भी भेंट की थी।
इस मौके पर बीसीसीआई के महाप्रबंधक सबा करीम सहित शीर्ष अधिकारियों ने मालदीव के पूरे दल को प्रस्तुतिकरण दिया था। मालदीव क्रिकेट बोर्ड 1998 में एशियाई क्रिकेट परिषद का सदस्य बना और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद से मान्यता प्राप्त है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दूसरी बार प्रधानमंत्री बनने के बाद अपने पहले दिपक्षीय दौरे पर शनिवार को मालदीव की दो दिवसीय यात्रा पर जाएंगे।
मालदीव में क्रिकेट के विकास के लिए BCCI के साथ काम कर रहा है विदेश मंत्रालय

