लंदन:अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप सोमवार को तीन दिवसीय दौरे पर ब्रिटेन पहुंचे। उनके साथ पत्नी मेलानिया भी हैं। ट्रंप का यह दौरा ऐसे समय पर हो रहा है जब ब्रेक्जिट को लेकर ब्रिटेन में सियासी घमासान मचा हुआ है। प्रधानमंत्री टेरीजा मे एलान कर चुकी हैं कि अपना उत्तराधिकारी चुने जाने पर वह पीएम पद से इस्तीफा दे देंगी।
बतौर अमेरिकी राष्ट्रपति दूसरी बार ब्रिटेन आए ट्रंप इस दौरे में प्रधानमंत्री टेरीजा मे के साथ जलवायु परिवर्तन और चीनी प्रौद्योगिकी कंपनी हुआवे समेत कई अहम मसलों पर चर्चा करेंगे। वह शाही परिवार के सदस्यों से भी मुलाकात करेंगे। महारानी एलिजाबेथ द्वितीय बकिंघम पैलेस में ट्रंप और मेलानिया का स्वागत करेंगी। महारानी उनके साथ लंच भी करेंगी। उनका प्रिंस चार्ल्स से भी मिलने का कार्यक्रम है। लेकिन सभी की नजरें ट्रंप के सम्मान में दिए जाने वाले रात्रिभोज पर लगी हैं। विपक्षी दलों के नेताओं ने इस भोज का बहिष्कार किया है।
ट्रंप ने अपने एयरफोर्स वन विमान से लंदन में उतरने से पहले ट्वीट किया, ‘मैं अमेरिका के बहुत अच्छे दोस्त ब्रिटेन से मिलने के लिए उत्सुक हूं और अपने दौरे का इंतजार कर रहा हूं।’ उनके आगमन से पहले टेरीजा ने भी कहा, ‘सुरक्षा और समृद्धि के लिए हमारे संबंध बहुत सालों से हैं और आगे भी पीढि़यों तक बने रहेंगे।’
ट्रंप ने लंदन के मेयर को बताया नाकारा
ट्रंप ने लंदन के मेयर सादिक खान को नाकारा करार दिया है। खान ने एक दिन पहले ट्रंप को फासीवादी और उनके बर्ताव को विभाजनकारी बताया था। इसके जवाब में ट्रंप ने ट्वीट में कहा, ‘लंदन के मेयर के तौर पर भयावह काम करने वाले सादिक खान नाकारा हैं। उन्हें मेरी जगह लंदन के अपराधों पर ध्यान देना चाहिए।’
फिर आसमान में दिख सकता है ट्रंप गुब्बारा
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप का विरोध करने के लिए लंदन के आसमान में फिर गुब्बारा दिख सकता है। म्यूजियम ऑफ लंदन ने सोमवार को एलान किया कि वह स्थायी तौर पर विरोध जाहिर करने के लिए दो बड़े आकार के गुब्बारे हासिल करेगा। इनके जरिये ट्रंप और लंदन के मेयर सादिक खान को बेबी के तौर पर चित्रित किया जाएगा। ट्रंप जब पिछले साल जुलाई में लंदन के दौरे पर आए थे तब उनका विरोध करने के लिए छह मीटर लंबे ‘ट्रंप बेबी’ गुब्बारे को उड़ाया गया था।
ब्रेक्जिट पर घमासान के बीच तीन दिवसीय दौरे पर ब्रिटेन पहुंचे डोनाल्ड ट्रंप

