नई दिल्ली:विश्व कप खेलने के लिए इंग्लैंड पहुंची भारतीय टीम को अपने पहले ही अभ्यास मैच में न्यूजीलैंड के हाथों छह विकेट से करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरे भारतीय टीम के बल्लेबाज पूरी तरह फ्लॉप रहे। भारत की पूरी टीम 32.2 ओवरों में 179 रनों पर ऑल आउट हो गई।
भारत के शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों ने खासा निराश किया और कोई भी बल्लेबाज बाएं हाथ के तेज गेंदबाज बोल्ट और मध्यम तेज गेंदबाज नीशम की गेंदों का सामना नहीं कर पाया। भारत की तरफ से रोहित शर्मा (2 रन), शिखर धवन (2 रन), लोकेश राहुल (6 रन), कप्तान विराट कोहली (18 रन), हार्दिक पांड्या (30 रन), महेंद्र सिंह धोनी (17 रन) और दिनेश कार्तिक 4 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। ऐसे में लग रहा था कि भारत 100 भी नहीं पहुंच पायेगा। लेकिन जडेजा ने 50 गेंदों में छह चौकों और दो छक्कों की मदद से 54 रन बनाकर भारत को लड़ने लायक स्कोर तक पहुंचाया।
180 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही और कोलिन मुनरो केवल 4 रन बनाकर बुमराह की गेंद पर आउट हो गए। इसके बाद हार्दिक पांड्या ने 37 के स्कोर में न्यूजीलैंड को दिया दूसरा झटका। पांड्या मार्टिन गप्टिल को 22 रन पर पवेलियन भेजा। इसके बाद कप्तान केन विलियमसन और रोज टेलर ने टीम की पारी संभाली और न्यूजीलैंड को जीत की दहलीज तक ले गए। इस दौरान दोनों बल्लेबाजों ने अर्धशतक भी जड़ा। हालांकि दोनों बल्लेबाज न्यूजीलैंड को जीत नहीं दिला पाए और पहले ही आउट हो गए। कप्तान केन विलियमसन को जहां चहल ने आउट किया, वहीं रोज टेलर को जडेजा ने पवेलियन भेजा। न्यूजीलैंड की जीत की औपचारिकता हेनरी निकोलस और टोम ब्लंडेल ने की।

