लखनऊ :लोकसभा चुनाव के सभी चरण रविवार को समाप्त होने के बाद विभिन्न न्यूज चैनलों और एजेंसियों के एग्जिट पोल आ गए। इन सभी एग्जिट पोल में भाजपानीत एनडीए को भारी बहुमत का अनुमान जताया गया है। अब बसपा ने सोमवार को एक बयान में साफ किया है कि मायावती आज दिल्ली में विपक्षी नेताओं के साथ कोई भी बैठक नहीं करेंगी।
बसपा का यह बयान उन रिपोर्ट्स के बाद आया है जिसमें बताया जा रहा था कि मायावती विपक्षी दलों के नेताओं के साथ बैठक कर सकती हैं। न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए बसपा के वरिष्ठ नेता सतीश चंद्र मिश्रा ने कहा कि मायावती आज दिल्ली में किसी भी तरह की बैठक नहीं कर रही हैं। वह आज लखनऊ में ही रहेंगी। गौरतलब है कि आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने शनिवार को लखनऊ में मायावती से मुलाकात की थी। वहीं, उन्होंने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से भी मुलाकात की थी।
NDA को भारी बहुमत के अनुमान के बाद BSP बोली, विपक्षी नेताओं संग मायावती की कोई बैठक नहीं

