नई दिल्ली:अनुभवी ड्रैग फ्लिकर रूपिंदर पाल सिंह ने 10 मई से शुरू हो रहे ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए मंगलवार को चुनी गई भारतीय हॉकी टीम में वापसी की जबकि जसकरन सिंह इसमें इकलौते नए खिलाड़ी हैं। रूपिंदर चोटिल होने के कारण लंबे समय से टीम से बाहर थे। उन्होंने पिछले साल जकार्ता में हुए एशियाई खेलों में आखिरी बार भारत का प्रतिनिधित्व किया था। हॉकी इंडिया द्वारा घोषित 18 सदस्यीय टीम का नेतृत्व मनप्रीत सिंह करेंगे जबकि सुरेन्द्र कुमार को उप कप्तान बनाया गया है। इस दौरे से टीम पहली बार नए कोच ग्राहम रीड की देख रेख में खेलेगी और उसका लक्ष्य अगले महीने भुवनेश्वर में होने वाले हॉकी सीरीज फाइनल की तैयारी करना होगा।
भारतीय टीम में रूपिंदर पाल सिंह की हो रही है वापसी
भारतीय टीम ने इस सत्र की शुरुआत 28वें अजलन शाह कप में रजत पदक के साथ की थी जहां युवा खिलाड़ियों ने समक्ष कोरिया जापान, कनाडा, पोलैंड और मलेशिया की चुनौती थी। छह से 15 जून में तक खेली जाने वाले हॉकी सीरीज फाइनल से पहले ऑस्ट्रेलिया दौरे पर भारतीय टीम युवाओं के साथ अनुभवी खिलाड़ियों के प्रदर्शन को परखेगी। पीआर श्रीजेश और कृष्णा बी पाठक टीम में गोलकीपर की भूमिका निभाएंगे जबकि रक्षापंक्ति का दारोमदार सुरेन्द्र, हरमनप्रीत सिंह, बिरेन्द्र लाकड़ा, गुरिंदर सिंह और कोथाजित सिंह के साथ रूपिंदर पर होगी। जालंधर के 25 साल के जसकरन अपने पदार्पण टूर्नामेंट में मध्य क्रम को मजबूती प्रदान करेंगें।
ग्राहम रीड की देख रेख में पहली बार खेलेगी हॉकी टीम
जासकरन को मध्य क्रम में हार्दिक सिंह, मनप्रीत सिंह, विवेक सागर प्रसाद और निलाकांता शर्मा का साथ मिलेगा। अग्रीम पंक्ति की जिम्मेदारी आकाशदीप सिंह के साथ अरमान कुरैशी, मनदीप सिंह, सुमित कुमार जूनियर और गुरसाहिबजीत सिंह के कंधों पर होगी। टीम के नए मुख्य कोच ग्राहम रीड ने कहा, ‘इस दौरे से मुझे खिलाड़ियों के समूह की पहचान करने का मौका मिलेगा। टीम में संतुलित मिश्रण है जिसमें कुछ युवा खिलाड़ियों के साथ एक नया और वापसी करने वाला एक खिलाड़ी शामिल है।’ इस दौरे पर भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया की राष्ट्रीय टीम के खिलाफ 2 मैच खेलने के साथ ऑस्ट्रेलिया ए और वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एक-एक मैच खेलेगी।
भारत की हॉकी टीम:
गोलकीपर: कृष्णा बी पाठक, पीआर श्रीजेश।
डिफेंडर: रुपिंदर पाल सिंह, सुरेंदर कुमार (उपकप्तान), हरमनप्रीत सिंह, बीरेंद्र लाकड़ा, गुरिंदर सिंह, कोथाजीत सिंह।
मिडफील्डर: हार्दिक सिंह, मनप्रीत सिंह (कप्तान), जसकरन सिंह, विवेक सागर प्रसाद, नीलाकांता शर्मा।
फॉरवर्ड: मंदीप सिंह, गुरसाहिबजीत सिंह, आकाशदीप सिंह, सुमित कुमार जूनियर, अरमान कुरैशी।

