अयोध्या: लोकसभा चुनाव 2019 के पांचवें चरण के चुनाव प्रचार के क्रम में विजय संकल्प रैली को संबोधित करने के लिए बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राम की नगरी अयोध्या पहुंचे। उन्होंने यहां करीब एक घंटा बिताया। प्रधानमंत्री सुबह 11.35 बजे अयोध्या में मयाबाजार में बनाए गए हेलीपैड पर पहुंचे और फिर वहां से कार के द्वारा मंच तक पहुंचे। इस दौरान हर हर मोदी-घर घर मोदी के जोरदार नारों के साथ मंच पर उनका स्वागत किया गया। मोेदी ने अपने संबोधन की शुरुआत में ही बसपा व सपा को घेरा। इस दौरान मोदी ने लगभग 20 मिनिट के भाषण का समापन जय श्रीराम के उद्घोष के साथ किया। हालांकि राम मंदिर के जिक्र से उन्होंने परहेज किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि बाबा साहब का अंबेडकर का नाम जिस शहर से जुड़ा है मैं वहां आकर धन्य महसूस कर रहा हूं। आपका प्यार मेरी पूंजी है। ये मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम की भूमि है। ये स्वाभिमान की धरती है। देश में यही स्वाभिमान पिछले पांच साल में और बढ़ा है। हम 130 करोड़ लोगों की भुजाओं को साथ लेकर चले हैं। अब इन्ही भुजाओं की सामर्थ्य पर हम नए भारत का सपना साकार करने की तरफ बढ़ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि बहनजी बाबा साहब के नाम का उपयोग किया लेकिन उनके आदर्शो के विपरीत काम किया। सपा ने भी लोहिया जी के नाम का उपयोग किया लेकिन सब तहस-नहस कर दिया। इनको गरीबों और श्रमिकों की चिंता करनी चाहिए थी कि नहीं। उन्होंने कहा कि पहली बार हुआ है जब किसी सरकार ने गरीबों और श्रमिकों के बारे में सोचा है। हमारे देश के 40 करोड़ से ज्यादा श्रमिक भाई-बहनों की इन पार्टियों ने कभी परवाह ही नहीं की। श्रमिकों और गरीबों को वोटबैंक में बांटकर इन लोगों ने सिर्फ अपना और अपने परिवार का फायदा कराया।
मोदी ने कहा कि आपका इतना प्यार मैं आपको नमन करता हूं। आपका प्यार मेरे प्रति देख कर सपा बसपा का ब्लड प्रेसर बढ़ जाता है। उन्होने कहा कि पहली बार देश में किसी सरकार ने गरीबों और श्रमिकों के बारे में सोचा है। हमने उनकी परवाह की है, उनका जीवन आसान बनाने के लिए काम किया है। हमारी सरकार हाल हीं में ‘पीएम श्रम योगी मानधन’ योजना लाई है। इससे श्रमिक साथियों को 60 वर्ष की आयु के बाद तीन हजार रुपए तक की पेंशन सुनिश्चित होगी।
उन्होंने कहा कि मैंने हर गरीब के दर्द को समझा है, उसके दर्द को सुना है, उसकी बीमारी को समझा और उसकी जिंदगी को जाना है, इसलिए आयुष्मान भारत योजना से मैं गरीबों की बीमारी से लड़ रहा हूं। मिशन इंद्रधनुष के तहत हमने जानलेवा बीमारी से बचाव के लिए टीकाकरण का दायरा बढ़ाया है। इस योजना का लाभ भी बड़े स्तर पर गरीब भाई-बहनों को हो रहा है। हमारी आंगनवाड़ी बहनों, आशा बहनों और हमारे डाकियों के वेतन में बरसों बाद वृद्धि का काम भी हमारी ही सरकार ने किया है।
उन्होंने कहा कि पहले की सरकारें कितनी असंवेदनशील थी इसका एक उदाहरण है कि 2014 में जब मैं सरकार में आया तो पता चला कि पहले की पेंशन योजनाओं में किसी को 50-60-70 रुपये मिल रहे थे। हमारी सरकार ने एक झटके से ये बंद किया और हर किसी के लिए कम से कम 1000 रु पेंशन सुनिश्चित की। योग, हमारी संस्कृति का सदियों से हिस्सा है, लेकिन पूरी दुनिया 21 जून को योग दिवस मनाए, ये काम हमारी सरकार ने किया है। कुंभ भी हज़ारों साल से होता आ रहा है। लेकिन जो दिव्यता और भव्यता इस बार प्रयागराज में दिखी वो अभूतपूर्व है।
उन्होंने कहा कि अयोध्या में दीप तो हज़ारों वर्षों से जलते आए हैं, लेकिन अब जो दीपावली मनाई जाती है, वो दुनियाभर में चर्चा का विषय बनती है। जब एसियान समिट के दौरान वहां से आए कलाकार अपने-अपने देशों में प्रचलित रामायण के अंश प्रस्तुत करते हैं, तो सबकी नजर जाती है। देश में अभी स्वदेश दर्शन नाम से एक व्यापक कार्यक्रम चल रहा है। जिसके अंतर्गत देश में रामायण सर्किट, कृष्ण सर्किट, बौद्ध सर्किट सहित 15 सर्किटों पर काम चल रहा है। रामायण सर्किट के तहत अयोध्या से लेकर रामेश्वरम तक, सभी स्थानों को विकसित किया जा रहा है।
मोदी ने कहा कि सपा-बसपा और कांग्रेस का आतंक पर नरमी का पुराना रिकॉर्ड रहा है। हमारी सुरक्षा एजेंसियां आतंक के मददगारों को पकड़ती थीं और ये वोट के लिए उनको छोड़ देते थे। आज ये सभी महामिलावटी फिर से केंद्र में एक मजबूर सरकार बनाने के चक्कर में हैं। 2014 से पहले अयोध्या, फैजाबाद और अन्य जगह कैसे-कैसे धमाके हुए ये हम कैसे भूल सकते हैं। वो दिन हम कैसे भूल सकते हैं जब आए दिन भारत में हमला होता था। बीते पांच वर्ष में इस तरह के धमाकों की खबर आनी बंद हो गई हैं। हम एक नए हिंदुस्तान के रास्ते पर चल पडें हैं। जो छेड़ता नहीं है, लेकिन कोई छेड़ेगा तो छोड़ता भी नहीं है। खतरा सीमा के भीतर हो या फिर सीमा के पार, ये नया हिंदुस्तान घर में घुसकर मारेगा। गोली का जवाब गोले से देगा।
मोदी ने कहा कि आप जब कमल के फूल पर बटन दबाएंगे, इसका मतलब है कि आप अपने सपने बोएंगे, जो साकार होंगे। आप कमल के फूल पर बटन दबाएंगे, इसका मतलब आपके अंदर एक ऐसा देशभक्त उभरकर आएगा जो देश के लिए जिएगा।
पीएम मोदी ने कहा-बहनजी ने बाबा साहब के आदर्शों के विपरीत काम किया

