वुहान:भारत की स्टार महिला खिलाड़ी सायना नेहवाल ने गुरुवार को एशियाई बैडमिंटन चैम्पियनशिप के क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। सातवीं सीड सायना ने कोरिया की किम गा ईयून को 38 मिनट तक चले मुकाबले में 21-13, 21-13 से मात दी। वर्ल्ड नंबर-9 सायना ने इसके साथ ही ईयून के खिलाफ अपना करियर रिकॉर्ड 2-0 का कर लिया है।
भारतीय खिलाड़ी ने इससे पहले 2018 में हुए कोरिया ओपन में भी ईयून को हराया था। क्वार्टर फाइनल में सायना का सामना तीसरी सीड जापान की अकाने यामागुची से होगा, जिनके खिलाफ उनका 2-7 का करियर रिकॉर्ड है। यामागुची ने सिंगापुर की येइओ जिया मिन को 47 मिनट तक चले मुकाबले में 21-18 8-21 21-17 से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।
सिंधु भी एशियाई बैडमिंटन चैम्पियनशिप के क्वार्टर फाइनल में
भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु ने भी एशियाई बैडमिंटन चैम्पियनशिप के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया। चौथी वरीयता प्राप्त सिंधु ने 33 मिनट में इंडोनेशिया की चोइरून्निसा को 21.15, 21.19 से हराया। अब उसका सामना चीन की गैर वरीय केइ यानयान से होगा।
वहीं, पुरुष एकल में समीर वर्मा ने हांगकांग के एंग का लोंग एंगस को 21.12, 21.19 से मात दी । अब वह दूसरी वरीयता प्राप्त चीन के शि युकी से खेलेंगे। मिश्रित युगल में भारत के उत्कर्ष अरोड़ा और करिश्मा वाडकर दूसरे दौर में इंडोनेशिया के हफीज फैजल और ग्लोरिया एमैन्युअल से 10.21, 15.21 से हार गए।वेंकट गौरव प्रसाद और जूही देवांगन को दूसरे दौर में चीन की यिलयु वांग और डोंगपिंग हुआंग ने 21.10, 21.9 से हराया।
एशियाई चैम्पियनशिप के क्वार्टर फाइनल में सायना नेहवाल

