वसई। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी वसई के 12 जैन संघों की निश्रा में भगवान महावीर के 2618 वें जन्म कल्याणक महोत्सव का लगातार 17 वें वर्ष में आयोजन बड़े हर्षोल्लास में किया गया। महोत्सव की शुरुआत भव्य रैली के रूप में हुई जिसकी शुरुआत तेरापंथ भवन से अचलगच्छ जैन समाज की साध्वी श्री जी के मंगलाचरण से हुई तथा 100 फिट रोड, भगवान श्री महावीर चौक ,अंबाडी रोड तथा माणिकपुर होते हुए श्री जैन श्वेतांबर स्थानकवासी उपाश्रय माणिकपुर में संपन्न हुई। उपाश्रय में वसई में विराजित चरित्र आत्माओं के सानिध्य में मंगल प्रवचन का लाभ भी सभी धर्मावलंबियों को मिला।
कार्यक्रम की शुरुआत तेरापंथ महिला मंडल के मंगलाचरण से हुई उसके बाद श्री जैन श्वेतांबर गुजराती स्थानकवासी समाज की साध्वी श्री जी ने भगवान महावीर के उपदेशों की जीवन में महत्ता पर प्रकाश डाला व श्री जैन श्वेतांबर तेरापंथी समाज के समणी डॉ. निर्वाण प्रज्ञा जी व मध्यस्थ प्रज्ञा जी ने आज के सांसारिक जीवन में भगवान महावीर के सिद्धांतों को अपनाने की आवश्यकता तथा सार्थकता पर मंगल प्रवचन दिया। कार्यक्रम का समापन तेरापंथ महिला मंडल के द्वारा एक लघु नाट्य से हुआ। जैन महासंघ के द्वारा सभी पधारे हुए विशिष्ट अतिथियों का सम्मान भी किया गया।
वसई में भगवान महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव का आयोजन

