मोहाली:भारत के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी बेहतरीन फॉर्म में चल रहे हैं और वह इस फॉर्म को इंग्लैंड तथा वेल्स में 30 मई से शुरू हो रहे विश्व कप के दौरान जारी रखना चाहते हैं। आईपीएल में किंग्स इलेवन पंजाब का प्रतिनिधित्व कर रहे शमी ने कहा, ‘मैं अल्लाह का शुक्रगुजार हूं कि मुझे देश के लिए विश्व कप में खेलने का एक और मौका मिल रहा है। मैं अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ फिटनेस हासिल कर चुका हूं, मैं अच्छी लय में भी हूं और इसे विश्व कप में लेकर जाना चाहता हूं। मैं वैसी ही लय महसूस कर रहा हूं जैसी अपने करियर के शुरुआत में कर रहा था।’ शमी ने कहा कि उनके आत्मविश्वास का स्तर काफी ऊंचा है और वह उसी गति से गेंदबाजी कर रहे हैं जैसे पहले किया करते थे।
मोहम्मद शमी ने 63 वनडे में चटकाए हैं 113 विकेट
भारत के लिए 63 एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैचों में 113 विकेट चटकाने वाले इस तेज गेंदबाज ने कहा, ‘खिलाड़ियों से लेकर कोचिंग स्टाफ और टीम प्रबंधन सभी ने मेरा समर्थन किया। अब समय आ गया है कि मैं इसे वापस दूं।’ शमी ने एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैचों में अपनी सफल वापसी का श्रेय पिछले एक साल में टेस्ट क्रिकेट में अच्छे प्रदर्शन को दिया। उन्होंने कहा, ‘यह लंबी यात्रा है। मैं 2015 विश्व कप में खेला, इसके बाद चोटिल हो गया और इससे उबरने में दो साल का समय लगा। रिहैबिलिटेशन के बाद मैंने 2016 विश्व टी20 टीम में जगह बनाई। इसके कुछ समय बाद मैंने पूर्ण आत्मविश्वास हासिल कर लिया और महसूस करने लगा कि मैं सही राह पर हूं।

