इंदौर:देश में अक्सर स्वाइन फ्लू के मामले सामने आते रहे हैं। देश में कई राज्य तो ऐसे है जहां स्वाइन फ्लू का असर ज्यादा देखने को मिल रहा है। मध्यप्रदेश के इंदौर में स्वाइन फ्लू लोगों की जान का दुश्मन बना हुआ हैं। यहां अब तक स्वाइन फ्लू के कारण 41 लोगों की मौत हो गई है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी प्रवीण जादिया ने समाचार एजेंसी एएनआइ को बताया कि ‘जनवरी से अब तक, हमने स्वाइन फ्लू के 644 नमूने जांच के लिए भेजे, जिनमें से 152 पॉजीटिव पाए गए थे और 10 की रिपोर्ट आना अभी बाकी है।’ बताया गया कि 41 मौतों में से 20 की मौत इंदौर से हुई थी। वर्तमान में, स्वाइन फ्लू के 19 मरीज अभी भी भर्ती हैं।
जादिया ने कहा, ‘हमने बुखार पीड़ितों के लिए क्लीनिक और स्क्रीनिंग केंद्रों की संख्या में वृद्धि की है, मरीजों को वहां प्राथमिक उपचार दिया जा रहा है।’ उन्होंने बताया कि स्वाइन फ्लू एक संक्रमण है, जो कई स्वाइन इन्फ्लूएंजा वायरस (SIV) के कारण होता है, जिसमें H1N1 देश भर में सबसे आम है।
एच 1 एन 1 वायरस तब फैलता है जब कोई व्यक्ति किसी संक्रमित व्यक्ति को छूता है या संक्रमण रोगी व्यक्ति के खांसने, छींकने आदि से निकली हुई द्रव की बूंदों से होता है। रोगी व्यक्ति मुंह या नाक पर हाथ रखने के पश्चात जिस भी वस्तु को छूता है, पुन: उस संक्रमित वस्तु को स्वस्थ व्यक्ति द्वारा छूने से रोग का संक्रमण हो जाता है।

