संयुक्त राष्ट्र:संयुक्त राष्ट्र प्रमुख एंतोनियो गुतारेस भारत और पाकिस्तान के बीच हालात पर ”लगातार नजर रख रहे हैं। महासचिव के प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक ने बृहस्पतिवार (7 मार्च) को यह जानकारी दी। इन दो दक्षिण एशियाई परमाणु शक्ति संपन्न देशों के मध्य तनाव कम करने को लेकर भारत व पाकिस्तान के प्रधानमंत्रियों से गुतारेस की बातचीत को लेकर पूछे गए एक प्रश्न के उत्तर में दुजारिक ने कहा, ”महासचिव और उनका स्टाफ के सदस्य संपर्क बनाए हुये है… वे विभिन्न स्तरों पर दोनों पक्षों से संपर्क बनाए हुए हैं। हम सतत रूप से हालात पर नजर रखे हुए हैं और दोनों पक्षों के लिए उपलब्ध हैं।”
इससे पहले दुजारिक ने इस सप्ताह कहा था कि महासचिव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान के साथ दोनों देशों के बीच के हालात को लेकर बात नहीं की है पर उन्होंने दोनों पक्षों के अधिकारियों के समक्ष तनाव कम करने को लेकर अपनी चिंता व्यक्त की है।
गौरतलब है कि जम्मू कश्मीर के पुलवामा में 14 फरवरी को आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के बर्बर आत्मघाती हमले के बाद से दोनों देशों में तनाव बढ़ गया है। इस हमले में सीआरपीएफ के 40 जवान शहीद हो गए थे। इसके बाद भारत ने 26 फरवरी को बालाकोट में जैश के ठिकानों पर हवाई हमला किया था।
पाक का राज्य नीति के हथियार के रूप में आतंकवाद का इस्तेमाल करना ‘मुख्य समस्या’: भारत
वहीं दूसरी ओर भारत का कहना है कि पाकिस्तान द्वारा राज्य की नीति के हथियार के रूप में आतंकवाद का इस्तेमाल ”मुख्य समस्या है और अंतरराष्ट्रीय समुदाय को एक सुर में आतंकवाद और आतंकवादियों की निंदा करनी चाहिए।” मानवाधिकार परिषद के 40वें सत्र को बृहस्पतिवार को संबोधित करते हुए जिनेवा में संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि राजदूत राजीव चंद्र ने कहा, ”आतंकवाद मानवाधिकारों का सबसे मौलिक उल्लंघन है और हम इसे नजरअंदाज करके खुद जोखिम लेते हैं।”
उन्होंने परिषद से कहा कि मुख्य समस्या सीमापार आतंकवाद और पाकिस्तान द्वारा राज्य की नीति के हथियार के तौर पर आतंकवाद का इस्तेमाल करना है। इस तथ्य पर पूर्ण रूप से गौर किया जाना चाहिए। चंद्र ने आतंकवाद को कतई बर्दाश्त नहीं करने पर संयुक्त राष्ट्र के नेतृत्व में आमसहमति का आह्वान किया। जम्मू कश्मीर के मुद्दे पर राजदूत ने कहा कि राज्य पर भारत का नजरिया परिषद में पहले ही साफ किया जा चुका है। चंद्र ने कहा, ”पूरा जम्मू कश्मीर राज्य भारत का अभिन्न हिस्सा है। पाकिस्तान हमारी जमीन के एक हिस्से पर अवैध रूप से कब्जा जमाए हुए है।”

