मुंबई/सुरभि सलोनी।। शुक्रवार को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने मुंबई में सार्वजनिक सभा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर निशाना साधा साथ ही कांग्रेस की सरकार आने पर मुंबईवासियों से घर व बेरोजगारी भत्ते का वादा भी किया। उन्होंने कहा कि आप सभी को पता है कि हमने अपने वादे को पूरा करने के लिए 10 दिन का समय लेते हैं लेकिन वादा इससे पहले पूरा कर देते हैं, जैसाकि मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़ और पंजाब में किया गया है। इस दौरान राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए एक और कदम बढ़कर कहा कि चौकीदार सिर्फ चोर ही नहीं डरपोक भी है।
यहां स्थित बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स के एमएमआरडीए ग्राउंड में आयोजित भव्य कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता व पदाधिकारी उपस्थित थे। इस दौरान राहुल गांधी पार्टी कार्यकर्ताओं से मुंबई की छह सीटों पर जीत दिलाने की अपील की। उन्होंने मुंबईकरों से वादा किया कि सरकार आने पर मुंबई के झोपड़ाधारकों को 500 स्क्वायर फुट का मकान दिया जाएगा तथा देश के हर गरीब के एकाउंट में हर महीने डायरेक्ट पैसा पहुंच जाएगा। राहुल गांधी ने समान विचारधारा रखने वाली पार्टियों से साथ आने की अपील भी की।
सभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा के लोग डायरेक्टर संविधान पर हमला कर रहे हैं। आप सोचें कि रात डेढ़ बजे सीबीआई डायरेक्टर को हटाने की क्या जरूरत थी। प्लानिंग कमेटी को बंद कर दिया गया। आरबीआई गवर्नर ने देश के इतिहास में पहली बार रिजाइन किया। पहली बार सुप्रीम कोर्ट के 4 जज प्रेस कान्फ्रेंस करते हैं और सबको न्याय देने वाले जनता से न्याय मांगते हैं। इस दौरान राहुल गांधी ने भ्रष्टाचार को लेकर प्रधानमंत्री को बहस करने तक की चुनौती दे डाली। उन्होंने कहा कि वे (मोदी) टिक नहीं पाएंगे, भाग जाएंगे क्योंकि चौकीदार सिर्फ चोर ही नहीं डरपोक भी है। उन्होंने आरोप लगाया कि बजट के दौरान मोदी सरकार किसानों को 17 रुपए देती है और सांसद मेज थपथपाते हैं।
इससे पहले कांग्रेस के अन्य नेताओं ने भी सभा को संबोधित किया और जमकर भाजपा सरकार पर हमला बोला। मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष संजय निरूपम ने कहा कि जिस शिवसेना ने चौकीदार चोर है का नारा लगाया बाद में उसने जाकर उसी चोर चौकीदार से गठबंधन कर लिया। यह सेना-भाजपा का बनावटी गठबंधन है।
इस सभा में कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खडके, सुशील कुमार शिंदे, पृथ्वीराज चव्हाण, अशोक चव्हाण, एकनाथ गायकवाड, मिलिंद देवड़ा, प्रिया दत्त सहित मुंबई के लगभग सभी नेता मंच पर मौजूद रहे। जबकि पूरा ग्राउंड कांग्रेसी कार्यकर्ताओं से भरा हुआ था।
चौकीदार सिर्फ चोर ही नहीं डरपोक भी हैः राहुल गांधी

