मुंबई:भारतीय वायु सेना ने 26 फरवरी को तड़के 3:30 मिनट के आसपास आतंकी संगठन जैश -ए-मोहम्मद के पाकिस्तान स्थित कैम्प पर एयर स्ट्राइक कर पुलवामा आतंकी हमले का बदला ले लिया। रिपोर्ट्स के मुताबिक पाकिस्तान के बालाकोट स्थित आतंकी कैम्प पर भारतीय वायु सेना की बमबारी में लगभग 300 से 350 टेरेरिस्टों के मारे जाने की संभावना है। भारतीय वायु सेना ने यह एयर स्ट्राइक मिराज-2000 लड़ाकू विमानों से की। पाकिस्तान में घुसकर भारतीय वायु सेना के इस हवाई हमले के बाद भारत में लोगों की खुशी का ठिकाना नहीं है। देश के लोग भारतीय वायु सेना को साधुवाद दे रहे हैं।
भारत के पूर्व क्रिकेटर और दिग्गज बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने भी ट्वीट कर भारतीय वायु सेना की तारीफ की है। उन्होंन अपने ट्वीट में लिखा है, ‘हमारी अच्छाई को हमारी कमजोरी नहीं समझा जाना चाहिए। मैं भारतीय वायु सेना को सलाम करता हूं। जय हिंद।’ गौरतलब है कि सचिन तेंदुलकर भारतीय वायु सेना में ग्रुप कैप्टन पद पर भी काबिज हैं। हालांकि, भारतीय वायु सेना ने उन्हें ग्रुप कैप्टन की मानद उपाधि से सम्मानित किया है। इससे पहले पुलवामा आतंकी हमले के बाद आगामी वनडे विश्व कप में भारत और पाकिस्तान के बीच मैच पर सचिन ने कहा था, ‘मैं पाकिस्तान को मुफ्त में दो अंक देने के पक्ष में नहीं हूं, हमें उनके साथ खेलकर उन्हें हराना चाहिए।’
सचिन बोले- हमारी अच्छाई को कमजोरी मत समझो, जय हिन्द!

