मुंबई: शिवसेना के वरिष्ठ नेता संजय राउत ने पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों पर हमले के लिए भारतीय वायु सेना की जमकर सराहना की है। हालांकि, उन्होंने कहा कि जैश-ए-मोहम्मद (जेईएम) प्रमुख मसूद अजहर को जब तक मार नहीं गिराया जाएगा तब तक पुलवामा हमले का बदला पूरा नहीं होगा। गौरतलब है कि भारतीय वायु सेना के लड़ाकू विमानों ने मंगलवार तड़के नियंत्रण रेखा के पार पाकिस्तानी हिस्से में कई जैश-ए-मोहम्मद के सबसे बड़े आतंकी शिविर पर हमला किया जिसमें बड़ी संख्या में आतंकवादी और उनके ट्रेनर मारे गए।
एक ट्वीट में राउत ने कहा, ‘मैं भारतीय वायु सेना के पायलटों की बहादुरी की सराहना करता हूं, जिन्होंने पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों को निशाना बनाकर हमें गौरवान्वित किया है।’ उन्होंने कहा, ‘जब तक जेईएम प्रमुख मसूद अजहर नहीं मारा जाता है हमारा बदला पूरा नहीं होगा।’ राउत राज्यसभा के सदस्य हैं जिनकी पार्टी केन्द्र और महाराष्ट्र में बीजेपी की सहयोगी है।
मसूद अजहर को मार गिराने तक बदला पूरा नहीं होगा: संजय राउत

