वेलिंगटन:न्यूजीलैंड के सीनियर सलामी बल्लेबाज मार्टिन गप्टिल पीठ की चोट से उबरने में नाकाम रहने के कारण भारत के खिलाफ तीन मैचों की आगामी टी20 श्रृंखला से बाहर हो गए हैं। गप्टिल की जगह ऑलराउंडर जिमी नीशाम लेंगे जो भारत के खिलाफ पांच मैचों की एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला के अंतिम दो मैचों में खेले थे। एक स्थानीय न्यूज पोर्टल ने न्यूजीलैंड के कोच गैरी स्टीड के हवाले से कहा, ‘दुर्भाग्य से मार्टिन इस टी20 श्रृंखला के लिए समय पर नहीं उबर पाया है जिसमें पांच दिन में तीन मैच खेले जाने वाले हैं।’ न्यूजीलैंड की टीम में युवा ऑलरांडर डेरिल मिशेल को भी शामिल किया गया है जो टीम के पूर्व कोच जान मिशेल के बेटे हैं।
गप्टिल को भारत के खिलाफ चौथे वनडे में लगी थी चोट
उन्होंने कहा, ‘वह हमारी सीमित ओवरों की टीम का अहम हिस्सा हैं लेकिन हमें विस्तृत तस्वीर देखनी होगी और सुनिश्चित करना होगा कि उसकी चोट सही हो जाए।’ गप्टिल को भारत के खिलाफ अंतिम एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच से पूर्व चोट लगी थी और अब उनकी नजरें बांग्लादेश के खिलाफ अगले हफ्ते से होने वाली श्रृंखला के साथ वापसी पर टिकी हैं। भारत के खिलाफ तीन मैचों की टी20 श्रृंखला वेलिंगटन में छह फरवरी को शुरू होगी। दूसरा मैच ऑकलैंड के ईडन पार्क में आठ फरवरी और अंतिम मैच हैमिल्टन में 10 फरवरी को खेला जाएगा।
न्यूजीलैंड की टी20 टीम इस प्रकार है:
केन विलियमसन (कप्तान), डग ब्रेसवेल, कोलिन डि ग्रैंडहोम, लॉकी फर्ग्युसन, स्कॉट कुगेलिन, डेरिल मिशेल, कोलिन मुनरो, जिमी नीशाम, मिशेल सेंटनर, टिम सिफर्ट, ईश सोढ़ी, टिम साउदी और रॉस टेलर।

