वाशिंगटन: अमेरिका में हेट क्राइम की घटना एक बार फिर सामने आयी है। केंटुकी राज्य में अज्ञात बदमाशों ने एक हिंदू मंदिर को तोड़ दिया। मूर्तियों पर बदमाशों ने काला रंग पोत दिया। बताया जा रहा है कि अज्ञात लोगों ने मंदिर में रखे सामान को नुकसान पहुंचाया। यह घटना रविवार रात और मंगलवार सुबह के दौरान लुईविले शहर के स्वामीनारायण मंदिर में हुई। तोड़फोड के बाद अमेरिका में रहने वाले हिंदू समुदाय में नाराजगी है।
घटना की मेयर ने की निंदा
स्थानीय मीडिया के अनुसार, बदमाशों ने मंदिर की खिड़कियों को तोड़ दिया और वहां पर रखे सामानों को फेंक दिया। मंदिर की दीवारों पर बदमाशों ने भड़काने वाले संदेश लिखे। इस घटना को हेट क्राइम से जोड़कर देखा जा रहा है। लुईविले शहर के मेयर ग्रेग फिशर ने इस घटना की निंदा की है और कहा है कि इस घटना को हिंदू समुदाय में नफरत फैलाने के लिए अंजाम दिया गया है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मेयर ने हिंदू समुदाय के लोगों से शांति बनाये रखने की अपील की है।
दिर को सुरक्षा प्रदान की जाएगी- स्टीव कॉनराड
लुइसविल मेट्रो पुलिस विभाग के प्रमुख स्टीव कॉनराड ने कहा है कि मंदिर को अतिरिक्त सुरक्षा प्रदान की जाएगी। स्टीव कॉनराड ने हिंदू समुदाय के लोगों को भरोसा देते हुए कहा कि इस बर्बरता को अंजाम देने वाले लोगों के खिलाफ पुलिस कड़ी कार्रवाई करेगी। जिसने भी इस घटना को अंजाम दिया है पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
पहले भी हुई हैं ऐसी घटनाएं
अमेरिका में पिछले कुछ समय से इस तरह की घटनाएं देखने को मिली है। अप्रैल 2015 में भी टेक्सास शहर के एक हिंदू मंदिर में तोड़फोड़ की गई थी। इसके अलावा मंदिर की दीवारों पर हिंदू देवताओं की तस्वीरें भी चिपका दी गई थी। फरवरी 2015 में केंट और सिएटल महानगरीय क्षेत्र में भी इस तरह की घटनाएं हुई थी।
अमेरिका के स्वामीनारायण मंदिर में तोड़फोड़, हिंदू समुदाय में नाराजगी

