ओटीटी की दुनिया में अपनी अलग पहचान बना चुके अभिनेता करण टैकर ने ‘स्पेशल ऑप्स’, ‘भय’ और ‘खाकी: द बिहार चैप्टर’ जैसे कई चर्चित प्रोजेक्ट्स में अपनी दमदार अदाकारी से दर्शकों का दिल जीता है। अलग-अलग किरदारों में खुद को साबित कर चुके करण ने हाल ही में अपनी सीरीज ‘खाकी: द बिहार चैप्टर’ के चार साल पूरे होने पर इसके सफर को याद किया। उन्होंने बताया कि कैसे यह प्रोजेक्ट उनके करियर का एक बेहद खास और यादगार पड़ाव बन गया।
सीरीज से अपने जुड़ाव और फिल्ममेकर नीरज पांडे के साथ काम करने के अनुभव को याद करते हुए करण ने कहा, “यकीन करना मुश्किल है कि ‘खाकी: द बिहार चैप्टर’ को चार साल हो गए हैं। ऐसा लगता है जैसे कल की ही बात हो। मेरी सबसे प्यारी यादों में से एक है लॉकडाउन के दौरान नीरज पांडे सर का मुझे मैसेज करना। उन्होंने मुझे एक किताब पढ़ने और उस पर अपने विचार साझा करने को कहा था। मुझे याद है कि मैंने एक ही बार में पूरी किताब पढ़ डाली और जवाब में लिखा, ‘अमित लोढ़ा ड्यूटी पर रिपोर्ट कर रहा है।’ इस पर उनका जवाब था, ‘समझदार हो गया।’ उनका यह जवाब आज भी मेरे जेहन में ताजा है।
मुझे जरा भी अंदाजा नहीं था कि यह प्रोजेक्ट मेरे करियर के सबसे अहम मौकों में से एक बनने वाला है। मैं हमेशा नीरज सर का शुक्रगुजार रहूंगा कि उन्होंने मुझमें वो काबिलियत देखी, जिसे मैं खुद भी तब तक पहचान नहीं पाया था।”
करण ने झारखंड के डाल्टनगंज, हजारीबाग और मैक्लुस्कीगंज में हुई शूटिंग के अनुभवों को भी याद किया। उनके मुताबिक, इन जगहों पर शूटिंग करना उनके लिए जमीन से जुड़ने वाला और बेहद यादगार अनुभव रहा। मुंबई की भागदौड़ से दूर, छोटे शहरों की सादगी को करीब से महसूस करना, मौसम की मुश्किल परिस्थितियों के बीच शूटिंग करना और सुबह-सुबह सेट पर पहुंचना, इन सबने उन्हें कहानी की दुनिया से और गहराई से जोड़ दिया। करण का कहना है कि इस पूरे अनुभव ने उन्हें सिर्फ एक बेहतर अभिनेता ही नहीं, बल्कि एक बेहतर इंसान बनने में भी मदद की।
वर्कफ्रंट की बात करें तो करण टैकर लगातार नए फॉर्मेट्स और अलग-अलग जॉनर में दिलचस्प प्रोजेक्ट्स तलाश रहे हैं। ‘खाकी: द बिहार चैप्टर’ उनके करियर का एक बेहद खास हिस्सा बना हुआ है। वहीं, दर्शक उन्हें जल्द ही ‘भय: द गौरव तिवारी मिस्ट्री’ के दूसरे सीजन में और कुछ अन्य अनाउंसमेंट होने वाले प्रोजेक्ट्स में भी देख सकेंगे।
चार साल पूरे होने पर करण टैकर ने याद किया ‘खाकी: द बिहार चैप्टर’ का सफर, बोले – “मेरे करियर के सबसे अहम मौकों में से एक था यह प्रोजेक्ट”

