खुशियां बांटने और जरूरतमंदों के चेहरों पर मुस्कान लाने के उद्देश्य से सान्वी सोशल वेलफेयर ऑर्गनाइजेशन ने टाटा मेमोरियल हॉस्पिटल में कैंसर मरीजों के साथ लगातार 13वें वर्ष दिवाली का त्योहार मनाया। इस विशेष आयोजन में गीत-संगीत, मनोरंजक प्रस्तुतियों और रंगारंग कार्यक्रमों के माध्यम से मरीजों के बीच त्योहार की खुशियां बांटी गईं। ईशा रावत के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में अभिनेत्री शिखा मल्होत्रा विशेष रूप से शामिल हुईं। उन्होंने कैंसर मरीजों के लिए गीत गाए और अपनी प्रस्तुति से उनका मनोरंजन किया। शिखा की गायकी और संगीत प्रस्तुति ने कार्यक्रम में उत्साह और उमंग का माहौल बना दिया। मरीजों ने भी इस आयोजन का आनंद लिया।
इस अवसर पर महिला कैंसर मरीजों को साड़ियों का वितरण किया गया, वहीं अस्पताल में भर्ती सभी मरीजों को भोजन उपलब्ध कराया गया। इस पहल का उद्देश्य मरीजों को यह एहसास कराना था कि त्योहारों के इस खास मौके पर वे अकेले नहीं हैं, बल्कि समाज उनके साथ खड़ा है। अभिनेत्री शिखा मल्होत्रा ने कहा, “दिवाली खुशियों, उम्मीद और एक-दूसरे के साथ रहने का त्योहार है। टाटा मेमोरियल हॉस्पिटल में कैंसर मरीजों के साथ दिवाली मनाना मेरे लिए बेहद भावुक और यादगार अनुभव रहा। उनके चेहरों पर मुस्कान देखकर दिल को बहुत खुशी मिली। मेरा मानना है कि संगीत और प्यार के कुछ पल भी किसी के जीवन में सकारात्मकता ला सकते हैं। सान्वी सोशल वेलफेयर के इस नेक प्रयास का हिस्सा बनकर मैं खुद को सौभाग्यशाली महसूस कर रही हूं।”
सान्वी सोशल वेलफेयर की संस्थापक ईशा रावत ने कहा, “हम लगातार 13वें वर्ष टाटा मेमोरियल हॉस्पिटल में कैंसर मरीजों के साथ दिवाली मना रहे हैं। हमारा हमेशा से प्रयास रहा है कि इलाज के कठिन दौर से गुजर रहे मरीज त्योहारों के अवसर पर खुद को अकेला महसूस न करें। उनके साथ कुछ खुशियां बांटना, उन्हें प्यार और अपनापन देना तथा उनके चेहरों पर मुस्कान लाना ही हमारे लिए इस आयोजन की सबसे बड़ी उपलब्धि है। हम उन सभी सहयोगियों के आभारी हैं, जिनकी मदद से यह आयोजन संभव हो पाया। हमारा प्रयास आगे भी इसी तरह समाज के जरूरतमंद लोगों तक खुशियां और सहायता पहुंचाने का रहेगा।” इस अवसर पर सान्वी सोशल वेलफेयर के स्वयंसेवक आकाश अहेर, शीतल अहेर, अभिनेत्री शिखा मल्होत्रा और टाटा मेमोरियल हॉस्पिटल के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। सान्वी सोशल वेलफेयर ऑर्गनाइजेशन पिछले कई वर्षों से सामाजिक सरोकारों से जुड़े विभिन्न कार्यों में सक्रिय है। संस्था विशेष रूप से महाराष्ट्र के आदिवासी और दूरदराज के क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर काम कर रही है। मुंबई सहित विभिन्न क्षेत्रों में जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाना संस्था के प्रमुख उद्देश्यों में शामिल है। यह दिवाली समारोह सान्वी सोशल वेलफेयर ऑर्गनाइजेशन ने टाटा कैंसर हॉस्पिटल, लिटिल मोर और आहूजा ट्रस्ट के सहयोग से आयोजित किया। संस्था की यह पहल त्योहारों के माध्यम से कैंसर मरीजों के जीवन में उम्मीद, सकारात्मकता और खुशियां बांटने की उसकी निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
सान्वी सोशल वेलफेयर ने टाटा मेमोरियल हॉस्पिटल में कैंसर मरीजों के साथ मनाई दिवाली, लगातार 13वें वर्ष आयोजित हुआ विशेष समारोह
Highlights
- अभिनेत्री शिखा मल्होत्रा ने गीत-संगीत और अपनी प्रस्तुति से मरीजों का किया मनोरंजन, महिला मरीजों को साड़ियां और सभी मरीजों को भोजन वितरित किया गया

