सिंगर मीका सिंह हाल ही में अपने पुराने दोस्त और मशहूर गुजराती सिंगर पार्थिव गोहिल के ‘रंगीलो रे’ शो में शामिल हुए। मुंबई में हुए इस म्यूजिकल सेलिब्रेशन में मीका की मौजूदगी ने चार चाँद लगा दिए। गुजराती म्यूजिक, डांस और संस्कृति के रंगों से सजे इस आयोजन ने शहर में उत्सव का माहौल बना दिया, जहाँ संगीत के साथ अपनी परंपराओं का जश्न भी देखने को मिला।
अपने दोस्त पार्थिव के शो में शामिल होने को लेकर मीका सिंह ने कहा, “मैं यहाँ पार्थिव भाई का ‘रंगीलो रे’ शो देखने आया हूँ। मुझे यकीन है कि यहाँ हर कोई खूब एंजॉय कर रहा होगा। आजकल पंजाबी सिंगर्स के नाइट शोज़ का काफी ट्रेंड है, जहाँ कई बार दो-दो दिन तक जश्न चलता है। लेकिन यहाँ तो पूरे नौ दिन तक उत्सव का माहौल रहता है, और ये अपने आप में बहुत बड़ी बात है!”
मीका के साथ अपनी पुरानी दोस्ती और म्यूजिकल बॉन्ड के बारे में बात करते हुए पार्थिव गोहिल ने कहा, “मीका पाजी हमेशा से मेरे बहुत अच्छे दोस्त रहे हैं। मेरे फिल्म प्रोडक्शन करियर की शुरुआत में, उन्होंने मेरी पहली ही फिल्म का पहला गाना गाया था। हमने उसे साथ में लॉन्च किया था और तब से हमारी फिल्मों का सफर सुपरहिट रहा है। उन्होंने हमारी फिल्म ‘मित्रता’ के लिए भी एक सुपरहिट गाना गाया है।
मेरा तो मानना है कि मीका पाजी जिस भी चीज़ से जुड़ जाते हैं, उसका सुपरहिट होना लगभग तय है। वो हमेशा से हमारे लिए लकी चार्म रहे हैं और मुझे बेहद खुशी है कि वो यहाँ आए हैं। हम उन्हें मंदिर भी लेकर जाएंगे और साथ में गुजराती उत्सव का आनंद लेंगे।”
‘रंगीलो रे’ के ज़रिए पार्थिव गोहिल मुंबई में गुजराती संगीत और संस्कृति की खूबसूरती को एक मंच पर ला रहे हैं। संगीत, डांस और परंपराओं के इस संगम के साथ यह आयोजन लोगों को अपनी जड़ों से जोड़ने और मिल-जुलकर जश्न मनाने का खूबसूरत मौका दे रहा है।
‘रंगीलो रे’ के रंग में रंगे मीका सिंह, पार्थिव गोहिल के शो में दोस्ती और मस्ती का दिखा खास अंदाज़

