मेलबर्न:ऑस्ट्रेलियाई धरती पर खेले गए वनडे सीरीज में भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धौनी ने अपने बल्ले से ऐसा जौहर दिखाया कि पूरी दुनिया आवाक रह गई। इस वनडे सीरीज में जीत दिलाने में धौनी की अहम भूमिका रही। धौनी की शानदार बल्लेबाजी के लिए उन्हें मैन ऑफ द सीरीज चुना गया। इसके बाद धौनी के आलोचकों को भी करारा जबाव मिल गया जो ये कह रहे थे कि धौनी अब बल्लेबाजी करने योग्य नहीं रह गए हैं।
‘मैन ऑफ द सीरीज’ रहे धौनी
धौनी इस वनडे सीरीज जीत के हीरो रहे। तीनों वनडे मैच में उन्होंने अर्धशतकीय पारी खेली और टीम को संकट से निकाला। हालांकि पहले मैच में उनकी पारी बेकार गई लेकिन दूसरे और तीसरे मैच में उन्होंने टीम के लिए अहम पारी खेलते हुए ना सिर्फ जीत दिलाई बल्कि नाबाद रहे। धौनी ने तीन वनडे मैचों में 51,55*,87* रन की पारी खेली। इस वनडे सीरीज में धौनी के बल्ले से 193 रन निकले। उन्होंने 193 की औसत से ये रन बनाए और उनका स्ट्राइक रेट 73.10 का रहा। रन बनाने के मामले में धौनी इस सीरीज में दूसरे नंबर पर रहे। हालांकि वनडे सीरीज में सबसे ज्यादा रन शॉन मार्श ने बनाए और उनके बल्ले से कुल 224 रन निकले। धौनी को उनकी शानदार बल्लेबाजी के लिए मैन ऑफ द सीरीज चुना गया।
तीसरे मैच में धौनी की पारी
तीसरे वनडे मैच में धौनी की पारी की जितनी तारीफ की जाए वो कम है। उन्होंने 114 गेंदों पर नाबाद 87 रन बनाए। अपनी पारी के दौरान उन्होंने कुल छह चौके लगाए। उन्होंने बेहद धैर्य भरी पारी खेली और चौथे विकेट के लिए कप्तान विराट के साथ 54 रन की साझेदारी की जबकि केदार जाधव के साथ नाबाद 121 रन की साझेदारी करते हुए कठिन विकेट पर टीम को जीत दिलाई।
धौनी ने आलोचकों को दिया करारा जबाव
धौनी ने अपनी बल्लेबाजी से अपने आलोचकों को करारा जबाव दिया। इस वनडे सीरीज से पहले धौनी अच्छे फॉर्म में नहीं थे और वो ज्यादा रन भी नहीं बना पा रहे थे। इसके बाद उन पर लगातार सवाल उठ रहे थे। वहीं ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जब उन्होंने पहले मैच में अर्धशतक लगाया लेकिन उनकी पारी काफी स्लो थी तब भी उनका खूब मजाक बनाया गया लेकिन दूसरे ही मैच में उन्होंने फिर से अर्धशतक लगाया और टीम के जीत दिलाई फिर तीसरे मैच में भी उनकी अच्छी बल्लेबाजी जारी रही और भारत ने पहली बार ऑस्ट्रेलिया में द्विपक्षीय वनडे सीरीज अपने नाम किया।

