लखनऊ। उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री एवं बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने बिहार विधानसभा की हालिया रामगढ़ उपचुनाव में पार्टी उम्मीदवार सतीश कुमार सिंह यादव की जीत पर पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि पार्टी के सभी लोगों ने अथक परिश्रम किया और पूरे समर्पण के साथ उम्मीदवार को विजयी बनाने में योगदान दिया है।
सुश्री मायावती ने बिहार परिणाम के बाद एक ट्वीट करते हुए लिखा कि “बिहार विधानसभा के अभी हाल ही में सम्पन्न हुये आमचुनाव में कैमूर ज़िले की रामगढ़ विधानसभा सीट (संख्या 203) पर बी.एस.पी. के उम्मीदवार श्री सतीश कुमार सिंह यादव को जीत दिलाने के लिये पार्टी के सभी लोगों को बधाई तथा उनका पूरे तहेदिल से आभार प्रकट।
हालाँकि वोटों की गिनती बार-बार कराने के बहाने से वहाँ के प्रशासन व एकजुट होकर सभी विरोधी पार्टियों द्व़ारा बी.एस.पी. उम्मीदवार को हराने का पूरा-पूरा प्रयास किया गया, किन्तु पार्टी के बहादुर कार्यकर्ताओं का पूरे समय तक डटे रहने से विरोधियों का यह षडयंत्र सफल नहीं हो सका।
इतना ही नहीं बल्कि बिहार के इस क्षेत्र की अन्य सीटों पर भी विरोधियों को काँटे की टक्कर देने के बावजूद बी.एस.पी. उम्मीदवार चुनाव नहीं जीत सके, जबकि फीडबैक के अनुसार अगर चुनाव पूरी तरह से फ्री एण्ड फेयर होता तो बी.एस.पी. और भी कई सीटें ज़रूर जीतती, लेकिन ऐसा नहीं हो सका, जिससे पार्टी के लोगों को घबराने की ज़रूरत नहीं है बल्कि आगे और भी अधिक तैयारी के साथ काम करते रहने की ज़रूरत है।
अन्त में, बिहार विधानसभा के इस चुनाव में अपने ख़ून-पसीने व पूरी लगन से चुनाव लड़ने के लिये बी.एस.पी. के सभी छोटे-बड़े पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं एवं शुभचिन्तकों आदि का तहेदिल से आभार प्रकट तथा आगे बिहार में पूरे जी-जान से लगे रहने का आह्वान ताकि बिहार, परमपूज्य बाबा साहेब डा. भीमराव अम्बेडकर एवं मान्यवर श्री कांशीराम जी के सपनों की, ’सर्वजन हिताय व सर्वजन सुखाय’ की धरती बन सके।”
उल्लेखनीय है कि बिहार के रामगढ़ सीट बसपा के उम्मीदवार सतीशकुमार सिंह यादव ने भाजपा के अशोक कुमार सिंह को महज 30 वोटों से पटखनी दी। यहां वोटों के गिनती के समय काफी बवाल हुआ था। काफी मशक्कत के बाद परिणाम घोषित हुआ तथा आखिरकार बसपा के सतीश कुमार सिंह यादव ने भाजपा उम्मीदवार को 30 के काफी कम अंतर से पराजित किया। इसी तरह मोहनिया विधानसभा सीट से बसपा प्रत्याशी ओमप्रकाश नारायण 32263 वोटों के साथ तीसरे नंबर पर रहे। यहां भाजपा की संगीता कुमारी ने चुनाव जीता तथा निर्दलीय उम्मीदवार रविशंकर पासवान दूसरे नंबर पर रहे।
बिहार चुनाव ‘फ्री एंड फेयर’ होते तो बसपा के कई कंडीडेट जीततेः मायावती

