नई दिल्ली:राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में गुरुवार सुबह कड़ाके की ठंड रही। यहां का तापमान 6.7 डिग्री सेल्सियस रहा जो औसत तापमान से एक डिग्री नीचे है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली में वायु प्रदूषण अब भी बेहद ‘गंभीर’ स्तर पर है। अधिकारियों ने बताया, “दिल्ली के कुछ इलाकों में सुबह घना कोहरा रहा, दिन में आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा, जिसके बाद धुंध छाने के आसार हैं।”
अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। सुबह 8.30 बजे आर्द्रता का स्तर 100 फीसदी रहा। वायु गुणवत्ता और मौसम पूवार्नुमान प्रणाली के मुताबिक, प्रदूषण का स्तर ‘बेहद खराब’ से ‘गंभीर’ स्तर पर पहुंच गया है। प्रमुख प्रदूषक कणिका तत्व (पीएम) 2.5 और पीएम 10 के साथ सुबह वायु गुणवत्ता सूचकांक 492 रहा। बुधवार को अधिकतम तापमान औसत से चार डिग्री ऊपर 23.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ जबकि न्यूनतम तापमान औसत से एक डिग्री कम 6.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
बिहार में धूपभरी सुबह, पटना में गिरा पारा
बिहार की राजधानी पटना तथा इसके आसपास के क्षेत्रों में गुरुवार को सुबह मौसम साफ रहा तथा सुबह से ही खिली हुई धूप निकली है। इस बीच हालांकि चल रही ठंडी हवाओं के कारण सदीर् का प्रकोप बना हुआ है। पटना में गुरुवार के न्यूनतम तापमान में 6.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बुधवार को पटना का न्यूनतम तापमान 7.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
मौसम विभाग के अनुसार, “अगले 24 से 48 घंटे के दौरान राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम साफ रहेगा तथा न्यूनतम तापमान में गिरावट आने की संभावना है। शाम होने के बाद कोहरे का असर प्रारंभ हो जाएगा, जो सुबह दिन चढ़ने तक बना रहेगा।” इस बीच ठंडी हवाएं चलेंगी, जिससे कड़ाके की ठंड बनी रहेगी। बिहार के गया का गुरुवार को न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस, भागलपुर का 9.1 डिग्री तथा पूर्णिया का 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पटना का गुरुवार को अधिकतम तापमान 23.० डिग्री सेल्सियस के करीब रहने की संभावना है। बुधवार को पटना का अधिकतम तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
जम्मू एवं कश्मीर में बर्फबारी की संभावना
कश्मीर घाटी में गुरुवार को बीती रात आसमान साफ रहने से न्यूनतम तापमान में गिरावट आई है। वहीं, मौसम विभाग ने शुक्रवार से बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है। मौसम विज्ञान विभाग के एक अधिकारी ने कहा, “हम शुक्रवार दोपहर से बारिश और बर्फबारी की उम्मीद कर रहे हैं। छह जनवरी तक मौसम खराब रहेगा और उसके बाद सुधार की संभावना है।”
श्रीनगर में न्यूनतम तापमान 0.2 डिग्री, पहलगाम में शून्य से 7.3 डिग्री नीचे और गुलमर्ग में 8.5 डिग्री नीचे दर्ज हुआ। लेह में तापमान शून्य से 13.3 नीचे और कारगिल में शून्य से 17.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। जम्मू और कश्मीर में द्रास सबसे ठंडा रहा जहां न्यूनतम तापमान शून्य से 19.7 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। जम्मू में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री, कटरा में 5.8 डिग्री, बटोटे में 0.1 डिग्री, बनिहाल में शून्य से 0.4 डिग्री नीचे और भदरवाह में शून्य से 1.9 डिग्री नीचे रहा।
एमपी में हवाओं ने बढ़ाई ठिठुरन
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल सहित राज्य के अधिकांश हिस्सों में गुरुवार की सुबह से हवाओं में घुली ठंडक ठिठुरन पैदा करने वाली रही, वहीं धुंध का असर भी बना रहा। राज्य में गुरुवार की सुबह ठिठुरन बनी रही, वहीं मौसम साफ होने से खिली धूप ने ठंड से राहत दिलाई। सुबह के समय धुंध का असर भी बना रहा। राज्य में खजुराहों सबसे ठंड रहा जहां तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों में मौसम शुष्क बने रहने की संभावना जताई है।
राज्य में ठंड का असर बना हुआ है। गुरुवार को भोपाल का न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री सेल्सियस, इंदौर का 9.8, ग्वालियर का 6.3 और जबलपुर का न्यूनतम तापमान 7.4 सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं बुधवार को भोपाल का अधिकतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस, इंदौर का 26.6 डिग्री सेल्सियस, ग्वालियर का 25.4 डिग्री सेल्सियस और जबलपुर का अधिकतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस रहा।
दिल्ली में कड़ाके की ठंड, पटना में पारा गिरा, कश्मीर में बर्फबारी की संभावना

