मशहूर फिल्म अभिनेता एवं निर्माता आमिर खान की हालिया रिलीज फिल्म ” सितारे ज़मीन पर” 1 अगस्त से यूट्यूब पर रिलीज हो रही है, इसकी घोषणा खुद आमिर खान ने मुंबई के पांच सितारा होटल में पत्रकारों की उपस्थिति में की। फिल्म रिलीज से पहले जब आमिर से पूछा गया था कि – क्या आपकी फिल्म सितारे ज़मीन पर यूट्यूब पर पर रिलीज होगी?, तब उन्होंने साफ साफ इंकार कर दिया था।
आमिर खान ने इसका ऐलान करते हुए कहा कि उनकी सुपरहिट थिएट्रिकल फिल्म सितारे ज़मीन पर अब 1 अगस्त 2025 से यूट्यूब पर पूरी दुनिया में रिलीज़ की जाएगी। यह एक साहसी और नया कदम है, जिसमें 2025 की सबसे कामयाब फिल्मों में से एक को सीधे लोगों के घरों तक पहुँचाया जाएगा। इस दिल को छू लेने वाली फैमिली ड्रामा में आमिर खान, जेनेलिया देशमुख के साथ-साथ 10 इंटेलेक्चुअल डिसएबिलिटी वाले कलाकार भी शामिल हैं। भारत में यह फिल्म ₹100 में मिलेगी, जबकि अमेरिका, कनाडा, यूके, ऑस्ट्रेलिया, जर्मनी, इंडोनेशिया, फिलीपींस, सिंगापुर और स्पेन समेत 38 देशों में यह लोकल प्राइसिंग के साथ उपलब्ध होगी।
आमिर खान द्वारा यह घोषणा करते समय उनके साथ कंट्री मैनेजिंग डायरेक्टर गुंजन सोनी भी मौजूद थीं। गुंजन ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा, “सिर्फ यूट्यूब पर ‘सितारे ज़मीन पर’ का डिजिटल रिलीज़ भारतीय फिल्मों को दुनियाभर में पहुंचाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। यूट्यूब पहले से ही प्रीमियम कंटेंट के लिए एक बड़ा डिजिटल प्लेटफॉर्म है और हम फिल्ममेकर्स और कंटेंट क्रिएटर्स को सिर्फ हमारी ज़बरदस्त पहुंच ही नहीं, बल्कि ये आज़ादी भी देते हैं कि वे अपने दर्शकों तक अपने हिसाब से पहुंच सकें। आज का लॉन्च सिर्फ एक फिल्म रिलीज़ नहीं है – यूट्यूब भारतीय सिनेमा के लिए ग्लोबल स्टेज का रेड कारपेट बिछा रहा है।”
आरएस प्रसन्ना के निर्देशन में और दिव्य निधि शर्मा द्वारा लिखित सितारे ज़मीन पर में आमिर खान, जेनेलिया डिसूजा मुख्य भूमिका में हैं और इसमें दस नए कलाकारों का भी समावेश है। अगली फिल्मों की बात करें तो आमिर अब लाहौर 1947 (जिसमें सनी देओल और प्रीति जिंटा होंगे) और एक दिन (जिसमें जुनैद खान और साई पल्लवी नजर आएंगे) को प्रोड्यूस कर रहे हैं। ये दोनों फिल्में आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले बन रही हैं।
1 अगस्त को यूट्यूब पर रिलीज होगी “सितारे ज़मीन पर”, आमिर खान ने की घोषणा

