बस्ती। कप्तानगंज थाना क्षेत्र के कटरा बुजुर्ग गांव में दलित परिवार पर दबंगों द्वारा मारपीट और जातीय उत्पीड़न का मामला सामने आया है। पीड़िता सुनीता देवी, पत्नी जमुना प्रसाद, ने डीआईजी और पुलिस अधीक्षक को पत्र सौंपकर न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने बताया कि 11 जुलाई को सुबह 9 बजे खेत में चरी काटने के दौरान जमीनी विवाद को लेकर विपक्षी जोखू, पुत्र स्वर्गीय श्यामलाल, और उनके साथियों ने उनके परिवार पर हमला किया।
सुनीता देवी ने बताया कि दबंगों ने उनके खेत में पाइप लगाकर सिंचाई कर रहे थे। मना करने पर आरोपियों ने जातिसूचक गालियां दीं, उनकी बेटी संध्या को मारा-पीटा और पति जमुना प्रसाद को हंसिए से घायल कर दिया। पीड़िता ने बताया कि घटना की सूचना पुलिस को दी गई, लेकिन कप्तानगंज पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कोई कार्रवाई नहीं की। न तो मुकदमा दर्ज हुआ और न ही घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया गया। सुनीता ने आगे बताया कि ग्राम प्रधान अल्तमस सिद्दीकी के दरवाजे पर सुलह के लिए जुटे लोगों के सामने भी दबंगों ने उनके परिवार को फिर से मारा-पीटा और धमकी दी। इससे दबंगों का हौसला और बढ़ गया है। पीड़िता ने उच्चाधिकारियों से मांग की है कि दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाए और उनके परिवार की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
दबंगों ने दलित परिवार पर किया हमला, कप्तानगंज पुलिस पर कार्रवाई न करने का लगा आरोप।

