सिडनी:ऑस्ट्रेलिया के कप्तान टिम पेन ने उम्मीद जताई है कि सिडनी क्रिकेट ग्राउंड (SCG) की सूखी पिच से चौथे टेस्ट मैच में भारतीय टीम काफी उत्साहित होगी। उन्होंने कहा कि यह बहुत परेशान करने वाली बात है कि मेजबान ऑस्ट्रेलिया इन परिस्थितियों में भारत से हार रहा है। 4 टेस्ट मैचों की सीरीज में भारत को 2-1 से अजेय बढ़त मिल चुकी है।
भारत ने मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) पर रविवार ऑस्ट्रेलिया को 137 रनों से पराजित करके सीरीज में अजेय बढ़त ले ली है। ऑस्ट्रेलिया को उम्मीद है कि चौथे टेस्ट में भी उन्हें ड्राई और स्लो पिच मिलेगी। इसी वजह से उन्होंने ऑल राउंडर मार्नस लाबुशचांगने को टीम में शामिल किया है। सिडनी में भारत के पास रविचंद्रन अश्विन के साथ स्पिन के विकल्प मौजूद होंगे। अश्विन फिटनेस के चलते दो टेस्ट मैच नहीं खेल सके।
मेलबर्न में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को हर क्षेत्र में मात दी। टिम पेन ने कहा, ‘उन्हें इस बात से निराशा हुई कि मेलबर्न की पिच ने मेजबान गेंदबाजों की मदद नहीं की।’ पेन ने मैक्वेरी रेडियो पर कहा, ‘शायद सिडनी की पिच भी ड्राई होगी, मुझे पूरा विश्वास है भारत ऐसी ही पिच चाहता होगा।’
टिम पेन ने कहा, ‘यह हमारे लिए बहुत निराशा की बात है, हमारे गेंदबाज पेसी और बाउंसी विकेट पर कुछ अधिक विकेट ले सकते थे।’ पेन ने कहा कि जब भारत में जाते हैं तो आपको कभी ग्रीन विकेट नहीं मिलते। अब वे यहां आए हैं और उन्हें ऐसी विकेट दी जा रही है जो उनके अनुकूल है। यही वजह है कि उन्होंने हमें परास्त किया।
उन्होंने कहा कि मैं उम्मीद करता हूं कि सिडनी में विकेट कुछ बेहतर होगी। पेन ने शील्ड मुकाबले में सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर नवंबर के शुरू में मैच खेला था। उन्होंने कहा, वह बहुत ड्राई विकेट है। जहां तक मुझे याद है वहां बहुत कम रन बनते हैं। भारत के पास रवींद्र जडेजा और अश्विन के रूप में दो स्पिनर हैं और ये दोनों ही 8वें और 9वें नंबर पर अच्छी बल्लेबाजी कर सकते हैं। यानि भारतीय बल्लेबाजी में गहराई है, लेकिन सब कुछ इस बात पर निर्भर करता है कि सिडनी में हमें कैसे पिच मिलती है।
सिडनी की पिच ने बढ़ाई ऑस्ट्रेलियाई कप्तान टिम पेन की परेशानी

