मुंबई। भारत की सबसे लोकप्रिय टीवी सीरीज़ ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ के डिजिटल यूनिवर्स से निकले मोबाइल गेम ‘गड़ा इलेक्ट्रॉनिक्स’ ने एक नया कीर्तिमान स्थापित करते हुए 10 मिलियन डाउनलोड्स का आंकड़ा पार कर लिया है। यह इस वर्ष भारत के किसी स्वतंत्र गेम स्टूडियो द्वारा बनाया गया पहला गेम है जिसने यह उपलब्धि हासिल की है।
यह गेम शो के मशहूर किरदार ‘जेठालाल’ की दुकान ‘गड़ा इलेक्ट्रॉनिक्स’ पर आधारित एक बिज़नेस सिमुलेशन गेम है, जिसमें खिलाड़ी को अपनी दुकान चलानी होती है और व्यापार को बढ़ाना होता है। Play Store और App Store, दोनों पर यह गेम टॉप रेटिंग्स के साथ लगातार लोकप्रियता बटोर रहा है।
इस मौके पर नीला मीडियाटेक के फाउंडर असित कुमार मोदी ने कहा, “यह केवल एक संख्या नहीं, बल्कि इस बात का प्रमाण है कि हमारे दर्शकों का हमारे किरदारों से गहरा भावनात्मक जुड़ाव है। ‘गड़ा इलेक्ट्रॉनिक्स’ के माध्यम से हमने दिखा दिया है कि भारतीय IP भी वैश्विक स्तर के गेम्स को टक्कर दे सकता है। 10 मिलियन डाउनलोड्स एक बड़ी उपलब्धि है, न सिर्फ हमारे लिए, बल्कि पूरे भारतीय गेमिंग इंडस्ट्री के लिए।”
नीला मीडियाटेक के CEO हरजीत छाबड़ा ने बताया, “हम गेम में अच्छा रिटेंशन और इन-ऐप परचेज़ देख रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय पब्लिशर्स भी अब गड़ा इलेक्ट्रॉनिक्स में रुचि दिखा रहे हैं। मौजूदा ट्रेंड को देखते हुए हमें उम्मीद है कि अगले 18–24 महीनों में यह गेम ₹200 करोड़ से अधिक की वैल्यू तक पहुंच जाएगा। इसके अलावा हम TMKOC के अन्य किरदारों पर भी गेम्स ला रहे हैं-पोपटलाल पर आधारित एक डिटेक्टिव गेम, रोशन के गैराज पर आधारित गेम, और माधवी के पापड़ व अचार के कारोबार पर एक सिमुलेशन गेम भी डेवलपमेंट में है।”
‘गड़ा इलेक्ट्रॉनिक्स’ गेम ने पार किया 10 मिलियन डाउनलोड्स, TMKOC की डिजिटल दुनिया को मिली नई उड़ान

