बंगलुरु। जीतो बैंगलोर नॉर्थ चैप्टर के पदाधिकारियों और सदस्यों के प्रतिनिधिमंडल ने वियतनाम की राजधानी हनोई स्थित भारतीय दूतावास का एक विशेष दौरा किया। इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल की भेंट भारत की डिप्टी चीफ ऑफ मिशन (द्वितीय प्रमुख अधिकारी) श्रीमती ताको अजुंगला जमीर से हुई।
लगभग एक घंटे तक चली इस बैठक के दौरान भारत और वियतनाम के बीच व्यापारिक सहयोग, निवेश की संभावनाएँ तथा द्विपक्षीय संबंधों को और अधिक सशक्त बनाने के विषय में विस्तृत चर्चा हुई। डिप्टी चीफ ऑफ मिशन श्रीमती जमीर ने जीतो प्रतिनिधियों की पहल की सराहना की और आश्वस्त किया कि भारतीय दूतावास हर स्तर पर भारतीय व्यापारियों एवं संगठनों को हरसंभव सहयोग प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।
बैठक के दौरान जीतो बैंगलोर नॉर्थ के अध्यक्ष श्री विमल कटारिया ने वियतनाम में भारतीय उद्यमियों के लिए संभावित निवेश अवसरों और व्यापार विस्तार की संभावनाओं पर प्रकाश डाला। महामंत्री श्री विजय सिंघवी ने जीतो की संरचना, कार्यक्षेत्र और उद्देश्यों का संक्षिप्त एवं सारगर्भित परिचय प्रस्तुत किया। तत्पश्चात श्री भरत चोपड़ा ने प्रतिनिधिमंडल में सम्मिलित सदस्यों का परिचय करवाया, और प्रत्येक सदस्य ने अपने व्यवसाय एवं कार्यक्षेत्र की जानकारी साझा की।
प्रतिनिधिमंडल में श्री कमल पुनमिया (वाइस चेयरमैन, जीतो बैंगलोर नॉर्थ), श्रीमती सुमन सिंघवी (वाइस चेयरपर्सन, लेडीज़ विंग), श्री महेन्द्र चौहान और श्री रूपचंद जैन आदि प्रमुख सदस्य उपस्थित रहे।
इस विशेष संवाद के माध्यम से जीतो बैंगलोर नॉर्थ ने भारत-वियतनाम व्यापारिक सहयोग को एक नई दिशा देने का प्रयास किया है। प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने इस भेंट को अत्यंत उपयोगी, सम्मानजनक और प्रेरणादायक अनुभव बताया।
जीतो प्रतिनिधिमंडल का भारतीय दूतावास में विशेष संवाद

