नयी दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि भाजपा सांसद निशिकांत दुबे और दिनेश शर्मा का न्यायपालिका एवं देश के मुख्य न्यायाधीश पर दिए गए बयान से किनारा कर लिया है। जिसे लेकर सोशल मीडिया पर अलग-अलग तरह के कमेंट किये जा रहे हैं।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने ट्वीट करते हुए लिखा है कि – “भाजपा सांसद निशिकांत दुबे और दिनेश शर्मा का न्यायपालिका एवं देश के चीफ जस्टिस पर दिए गए बयान से भारतीय जनता पार्टी का कोई लेना–देना नहीं है। यह इनका व्यक्तिगत बयान है, लेकिन भाजपा ऐसे बयानों से न तो कोई इत्तेफाक रखती है और न ही कभी भी ऐसे बयानों का समर्थन करती है। भाजपा इन बयान को सिरे से खारिज करती है।
भारतीय जनता पार्टी ने सदैव ही न्यायपालिका का सम्मान किया है, उनके आदेशों और सुझावों को सहर्ष स्वीकार किया है क्योंकि एक पार्टी के नाते हमारा मानना है कि सर्वोच्च न्यायालय सहित देश की सभी अदालतें हमारे लोकतंत्र का अभिन्न अंग हैं तथा संविधान के संरक्षण का मजबूत आधारस्तंभ हैं। मैंने इन दोनों को और सभी को ऐसे बयान ना देने के लिए निर्देशित किया है।
उल्लेखनीय है कि भाजपा के गोड्डा से बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने एक बयान में कहा था कि देश में धार्मिक युद्ध भड़काने के लिए सुप्रीम कोर्ट ज़िम्मेदार है वहीं बीजेपी के राज्यसभा सांसद दिनेश शर्मा ने कहा कि भारत के संविधान के अनुसार, कोई भी लोकसभा और राज्यसभा को निर्देशित नहीं कर सकता है। इन दोनों नेताओं के इन बयानों के बाद सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक गलियारों में काफी गहमा-गहमी हुई। जिसके बाद भाजपा को इन नेताओं से किनारा करना पड़ा। हालांकि पार्टी के इस खंडन से अब अपने ही समर्थकों से आलोचना झेलनी पड़ रही है। सोशल मीडिया पर नड्डा पर उनके ही पार्टी के समर्थक गाली-गलौच कर रहे हैं।
अदालत पर निशिकांत दुबे के बयान से भाजपा ने किया किनारा, जेपी नड्डा ने किया ट्वीट

