पटना:राष्ट्रीय जनता दल के अध्यक्ष लालू प्रसाद के पुत्र और बिहार के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री तेजप्रताप यादव ने प्रदेश राजद कार्यालय में जनता दरबार लगाया और पार्टी नेताओं की समस्याएं सुनीं।
तेजप्रताप यादव ने कहा कि अब जिलो में भी जनता दरबार लगाएंगे। उन्होंने कहा कि सुशासन बाबू के कारण महाजाम में फसने से जनता दरबार लगाने में देरी हो गयी। इससे पहले, तेजप्रताप यादव ने शनिवार को ट्वीट किया, “आम जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं की समस्याओं को सुनने और उसके समाधान के लिए पार्टी कार्यालय में उपस्थित रहूंगा”.
बता दें कि तेज प्रताप पिछले दिनों घरेलू विवादों और पत्नी से तलाक को लेकर चर्चा में रहे थे। तेज प्रताप अपनी पत्नी ऐश्वर्या से तलाक की अर्जी देने के बाद अब तक अपने घर नहीं गए हैं। इसके अलावा तेज प्रताप यादव ने धर्मनिरपेक्ष सेवक संघ का एक विडियो भी ट्वीट किया है।
गौरतलब है कि हाल ही में तेज प्रताप यादव ने अपने पिता लालू प्रसाद यादव से मुलाकात की थी। मुलाकात के बाद तेज प्रताप ने मीडिया से बातचीत में कहा, ‘कई महीनों के बाद मैंने अपने पिता से मुलाकात की। मैं भावुक हो गया। मैं उन्हें प्यार करता हूं। मेरे पिता मेरे भगवान कृष्ण, विष्णु और महादेव हैं।’ उन्होंने दावा किया कि आरजेडी प्रमुख ने उनसे पार्टी को आगे ले जाने के लिए कहा है।
तेज प्रताप ने राजद कार्यालय में लगाया जनता दरबार

