नई दिल्ली:कांग्रेस नेता सज्जन कुमार ने मंगलवार को पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी को पत्र लिख पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। पार्टी से जुड़े सूत्रों ने यह जानकारी दी। वहीं दिल्ली हाईकोर्ट के फैसले के बाद जब सज्जन कुमार से इस मामले के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कोई भी जवाब देने से बचते दिखे।
सोमवार को दिल्ली हाईकोर्ट ने 1984 सिख विरोधी दंगों से जुड़े मामले में कुमार को दोषी ठहराते हुए उन्हें ताउम्र कैद की सजा सुनाई थी। उन्होंने पत्र में गांधी से कहा, ”माननीय हाईकोर्ट द्वारा मेरे खिलाफ दिए गए आदेश के मद्देनजर मैं भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से तत्काल इस्तीफा देता हूं।
ये दंगे ‘मानवता के खिलाफ अपराध’ थे: हाईकोर्ट
दिल्ली हाईकोर्ट ने सोमवार को कांग्रेस नेता सज्जन कुमार को 1984 सिख विरोधी दंगों से संबंधित एक मामले में दोषी ठहराते हुए उसे ताउम्र कैद की सजा सुनाते हुए कहा था कि ये दंगे “राजनीतिक संरक्षण” का आनंद लेने वाले लोगों द्वारा “मानवता के खिलाफ अपराध” थे। हाईकोर्ट ने कहा था कि इस तथ्य से इनकार नहीं किया जा सकता है कि अरोपियों को सजा देने में तीन दशक लग गए लेकिन पीड़ितों को यह आश्वासन देना आवश्यक है कि अदालत के समक्ष पेश होने वाली चुनौतियों के बावजूद ”सत्य की जीत होगी और न्याय होगा।

