मुरादाबाद:संभल में मुठभेड़ के दौरान दरोगा जी की मुंह से निकाली गई ठांय-ठांय की आवाज को अभी लोग नहीं भूले होंगे। पुलिस को सार्वजनिक रूप शर्मिंदा होने से बचाने के लिए एसएसपी के शुक्रवार की परेड में रिर्जव पुलिस लाइन्स में वेपन हैंडलिंग टेस्ट ले डाला। दरोगा जी लोगों की स्थिति देखकर एसएसपी स्वयं शर्मिंदा हो गए। कई दरोगा और सिपाही रिवाल्वर का लॉक ही नहीं खोल पाए।
एसएसपी जे रविंदर गौड ने साप्ताहिक परेड में पुलिसकर्मियों का वेपन टेस्ट ले लिया। उन्होंने परेड में शामिल पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से शस्त्रों को खोलने और फिर उन्हें बंद कर फायर करने के लिए तैयार करने को कहा। अलग-अलग टीमों को बुलाकर उनका टेस्ट लिया गया। इस दौरान कई सिपाही और दरोगा असलहों को खोल तक नहीं पाए। कुछ ने खोल लिया तो उन्हें बंद करने में पसीने छूट गए। यह सब देखने के बाद एसएसपी ने नाराजगी जताई।
एसएसपी ने ट्रेनरों के माध्यम से सभी को शस्त्रों के सफाई करने और उन्हे खोलने व जोड़ने का अभ्यास कराया। उन्होंने खुद असलहों को खोलना और बंद करने के बारे में बताया। एसएसपी ने कहा कि जब नियमित रूप से अभ्यास किया जाएगा तभी जरूरत पड़ने पर इन शस्त्रों का सजगता से प्रयोग किया जा सकेगा।
एसएसपी के सामने रिवाल्वर का लॉक तक नहीं खोल सके कई दरोगा

