नई दिल्ली:प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजस्थान के बेणेश्वर धाम में रैली को संबोधित करते हुए कहा कि हम अगर वादा करते हैं तो उसका हिसाब भी जनता को देते हैं। उन्होनें कहा कि हमें तो अभी चार साल काम करने का अवसर मिला है। उनकी तो चार पीढि़यों ने काम किया। इन चार सालों में हमने उनके मुकाबले कई गुना काम किया है।
पीएम मोदी ने कहा कि मैंने संकल्प लिया है कि जब आजादी के 75 साल पूरे होंगे। यानी 2022 तक देश में एक भी परिवार ऐसा नहीं होगा जिसका अपना खुद का पक्का घर नहीं होगा। पीएम ने बताया कि उनका मंत्र है बेटे-बेटियों की पढ़ाई, युवा को कमाई, किसान को सिंचाई, बुजुर्गों को दवाई और जन-जन की सुनवाई।
रैली को संबोधित करते हुए पीएम ने कहा कि पिछली सरकार के समय तक देश में चार फैक्ट्री थी मोबाइल बनाने की लेकिन आज यह बढ़कर 125 हो गई हैं। हम वादा भी करते हैं और हिसाब भी देते हैं।
इससे पहले भीलवाड़ा में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए मोदी ने मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस पर रागदरबारी व राजदरबारी और नामदार के शब्दवाणों से प्रहार किया और कहा कि देश कभी भी 26/11 को भूलेगा नहीं और 26/11 के गुनहगारों को भी। उन्होंने कहा, ‘हम मौके की तलाश में हैं। कानून अपना काम करेगा।’
भाषा के अनुसार, पीएम मोदी ने राज्य में भाजपा की सरकार एक बार फिर लाने की अपील मतदाताओं से की और कहा कि हम विकास के मुद्दे पर आगे बढ़ना चाहते हैं। पीएम मोदी ने केंद्र सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का जिक्र अपने भाषण में किया और राज्य सरकार की उपलब्धियों की बात करते हुए मतदाताओं से राज्य में एक बार फिर वसुंधरा राजे की सरकार बनाने की अपील की।
हम अगर वादा करते हैं तो उसका हिसाब भी जनता को देते हैं

