साल 2019 में नितेश तिवारी द्वारा निर्देशित फिल्म छिछोरे एक बार फिर सिनेमा हॉल्स में धूम मचाने के लिए कमर कस रही है। बेस्ट फीचर फिल्म हिंदी के राष्ट्रीय पुरस्कार से सुसज्जित यह फिल्म चीन में अगले साल 7 जनवरी को लोगों का मनोरंजन करेगी। मेकर्स की उम्मीद है कि वहाँ रिलीज हुई तमाम भारती फिल्म्स की तरह छिछोरे भी सबके दिलोदिमाग पर छा जाएगी।
इस खबर की जानकारी मशहूर ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श ने ट्विटर के जरिए सांझा की है। फिल्म चीन में 100 शहरों में तकरीबन 11000 स्क्रीन्स पर रिलीज होगी। अगर हिंदुस्तान में इसकी थिएटर रिलीज और बॉक्स-ऑफिस रिकॉर्ड की बात करें तो फिल्म ने 6 सिंतबर 2019 को सिनेमाघरों में दस्तक दी थी।
फिल्म ने महज 2 हफतों में बॉक्स-ऑफिस पर 100 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया था। इसमें सुशांत के साथ श्रद्धा कपूर भी मुख्य अभिनेत्री के रूप में मौजूद थीं। फिल्म खुद डायरेक्टर नितेश तिवारी के इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी बॉम्बे के दिनों से प्रेरित है। जिसका नाम पिक्चर में दरअसल नेशनल कॉलेज ऑफ टेक्नोलॉजी था। बाकी कलाकारों की बात करें तो इसमें प्रतीक बब्बर, वरुण शर्मा, ताहिर राज भसीन, नवीन पोलीशेट्टी और रंजन राज अहम किरदार में नजर आए थे। फिल्म का निर्माण साजिद नाडियाडवाला ने किया था।
सुशांत सिंह राजपूत की फिल्म छिछोरे चीन में है रिलीज को तैयार

