मुंबई: देश में कोविड-19 के मामले तेजी से बढ़ने और अर्थव्यवस्था को लेकर बढ़ती चिंता में गुरुवार को घरेलु शेयर बाजार गिरावट के साथ खुला और लाल निशान पर ही बंद हुआ। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स आज 242.37 अंकों की गिरावट के बाद 31,443.38 के स्तर पर बंद हुआ तो वहीं निफ्टी भी 71.85 अंकों के नुकसान के साथ 9,199.05 के स्तर पर बंद हुआ।आज सुबह सेंसेक्स 8 अंकों के नुकसान के साथ 31677.69 के स्तर पर खुला। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी लाल निशान के साथ 9,234.05 के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजर खुलते ही करीब सेंसेक्स 300 अंक नीचे गिर गया। बुधवार को सेंसेक्स 232 अंक चढ़कर बंद हुआ था, जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी सूचकांक 65.30 अंक यानी 0.71 प्रतिशत बढ़कर 9,270.90 अंक पर बंद हुआ था।
मांग बढ़ने से सोना वायदा भाव चढ़ा
हाजिर बाजार में सोने की बढ़ी मांग के बीच सटोरियों के अपने सौदे बढ़ाने से गुरुवार को सोना अगस्त वायदा भाव 56 रुपये तक चढ़ गया। एमसीएक्स पर जून डिलिवरी सौदों में सोना वायदा भाव 44 रुपये यानी 0.1 प्रतिशत बढ़कर 45,415 रुपये प्रति 10 ग्राम रहा। इसके लिए 13,626 लॉट का कारोबार हुआ। इसी तरह 6,712 लॉट के अगस्त डिलिवरी सौदों में यह भाव 56 रुपये यानी 0.12 प्रतिशत चढ़कर 45,651 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर न्यूयॉर्क में सोना भाव 0.16 प्रतिशत की तेजी के साथ 1,691.20 डॉलर प्रति औंस रहा।
हाजिर मांग से कच्चातेल वायदा कीमतों में तेजी
मजबूत हाजिर मांग के कारण कारोबारियों ने अपने सौदों के आकार को बढ़ाया जिससे वायदा कारोबार में बृहस्पतिवार को कच्चे तेल की कीमत 26 रुपये की तेजी के साथ 1,827 रुपये प्रति बैरल हो गई। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज में मई डिलिवरी वाले कच्चे तेल की कीमत 26 रुपये यानी 1.44 प्रतिशत की तेजी के साथ 1,827 रुपये प्रति बैरल हो गई। इसमें 6,782 लॉट के लिए कारोबार हुआ। कच्चा तेल के जून माह में डिलीवरी वाले अनुबंध की कीमत 14 रुपये यानी 0.72 प्रतिशत की तेजी के साथ 1,970 रुपये प्रति बैरल हो गई। इसमें 1,183 लॉट के लिए कारोबार हुआ।
बाजार विश्लेषकों ने कहा कि कारोबारियों द्वारा अपने सौदों का आकार बढ़ाने से कच्चातेल वायदा कीमतों में तेजी आई। हालांकि वैश्विक स्तर पर, न्यूयार्क में वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (डब्ल्यूटीआई) कच्चा तेल का भाव 0.50 प्रतिशत की गिरावट के साथ 23.87 डालर प्रति बैरल रह गया और ब्रेंट क्रूड की कीमत 0.91 प्रतिशत घटकर 29.45 डॉलर प्रति बैरल रह गई।
10: 09 बजे: आईटी कंपनी एचसीएल टेक्नोलॉजीज ने 22.8 प्रतिशत की वृद्धि के साथ मार्च तिमाही में 3,154 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ अर्जित किया है। एचसीएल ने एक नियामकीय फाइलिंग में कहा कि जनवरी-मार्च 2019 की तिमाही में कंपनी ने 2,568 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ दर्ज किया था। वहीं समीक्षाधीन तिमाही में इसका राजस्व 16.3 प्रतिशत बढ़कर 18,590 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले साल की समान तिमाही में 15,990 करोड़ रुपये था वित्त वर्ष 20 के लिए एचसीएल टेक का समेकित शुद्ध लाभ 9.3 प्रतिशत बढ़कर 11,062 करोड़ रुपये हो गया है, जबकि राजस्व पिछले वित्तीय वर्ष से 17 प्रतिशत बढ़कर 70,678 करोड़ रुपये हो गया।

