लखनऊ: सपा संरक्षक व पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव को 24 घंटे के भीतर दोबारा मेदांता अस्पताल में भर्ती करना पड़ा। रविवार को उनके पेट में तकलीफ थी। सुधार न होने पर देर शाम उन्हें शहीद पथ स्थित मेदांता अस्पताल में दोबारा भर्ती किया गया। उनके साथ अखिलेश यादव परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे। हालांकि, राहत मिलने के बाद सोमवार सुबह डिस्चार्ज कर दिया गया है।
पेट में सूजन की शिकायत पर बीते गुरुवार को 81 वर्षीय मुलायम सिंह को अस्पताल में भर्ती होना पड़ा था। उन्हें कई दिनों से पेट में कब्ज की परेशानी थी। कोलोनोस्कोपी के बाद उन्हें आराम मिल गया था। शनिवार को वे घर चले गए थे। लेकिन, रविवार शाम उनकी तबियत फिर खराब होने पर उन्हें दोबारा अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मेदांता के निदेशक डॉक्टर राकेश कपूर ने बताया कि, उनकी सेहत में सुधार है। मुलायम सिंह यादव को मेदांता हॉस्पिटल से सोमवार सुबह 7 बजे अपने लखनऊ आवास पर लाया गया।

