मुंबई:भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की सीनियर चयन समिति रविवार (21 जुलाई) को मुंबई में तीन अगस्त से शुरू होने वाले वेस्टइंडीज दौरे के लिए टीम इंडिया का चयन करेगी। मुख्य चयनकर्ता एमएसके प्रसाद की अगुवाई वाली समिति लगभग एक महीने तक चलने वाले वेस्टइंडीज दौरे के लिए टीम इंडिया का चयन करेगी। इस दौरे में भारतीय टीम तीन टी 20, तीन वनडे और दो टेस्ट मैच खेलेगी। टी-20 सीरीज के दो मैच फ्लोरिडा और गुयाना में खेले जाने हैं।
बीसीसीआई ने शुक्रवार को बयान जारी कर इसकी जानकारी दी। रिलीज के अनुसार, “अखिल भारतीय सीनियर चयन समिति मुंबई में रविवार को बैठक करेगी। समिति तीन अगस्त से तीन सितंबर तक चलने वाले वेस्टइंडीज दौरे के लिए भारतीय टीम का चयन करेगी।”
वेस्टइंडीज दौरे के लिए होना है टीम इंडिया का सलेक्शन
आईसीसी विश्वकप के सेमीफाइनल में हारकर बाहर हो गई भारतीय क्रिकेट टीम के अगले महीने होने वाले वेस्टइंडीज दौरे के लिए पहले शुक्रवार को चयन समिति की बैठक होनी थी, जिसे स्थगित कर दिया गया था। दरअसल, बीसीसीआई का संचालन देख रही प्रशासकों की समिति (सीओए) ने गुरुवार को निर्देश दिया था कि बीसीसीआई के सचिव अब चयन समिति की बैठक नहीं बुला सकेंगे और संबंधित चयन समितियों के अध्यक्ष के पास यह अधिकार रहेगा कि वे चयन समिति की बैठक बुलाएं।
सीओए का यह निर्देश भारत के वेस्टइंडीज दौरे के लिए शुक्रवार को बुलाई गई चयन समिति की बैठक से एक दिन पहले आया और इस निर्देश के कुछ घंटे बाद यह खबर आ गई कि चयन समिति की बैठक स्थगित कर दी गई है।
3 अगस्त से 3 सितंबर तक चलेगा दौरा
भारत और वेस्टइंडीज के बीच 3 से 6 अगस्त तक टी-20 सीरीज खेली जानी है जबकि वनडे मैच 8 से 14 अगस्त तक होने हैं। वहीं, दो टेस्ट की सीरीज 22 अगस्त से 3 सितंबर तक होगी।
धौनी के चयन पर होंगी सबकी निगाहें
टीम चयन में सभी निगाहें महेंद्र सिंह धौनी के चयन पर रहेंगी। इंग्लैंड में हुए विश्वकप से पूर्व अटकलें लगाई जा रही थीं कि धौनी के करियर का यह आखिरी विश्वकप होगा, जिसके बाद वह संन्यास की घोषणा कर सकते हैं। लेकिन धौनी अभी भी टीम के साथ बने हुए हैं और उनके भविष्य को लेकर संशय की स्थिति भी बरकरार है। ऐसे में सभी की निगाहें इस बात पर लगी हैं कि वेस्टइंडीज दौरे की सीमित ओवर टीम में विकेटकीपर बल्लेबाज को जगह मिलेगी या नहीं।
विराट कोहली ले सकते हैं आराम
वहीं, टीम चयन में निगाहें कप्तान विराट कोहली पर भी लगी रहेंगी, जिन्हें काफी समय से आराम दिए जाने की चर्चा चल रही है। माना जा रहा है कि विराट इस दौरे से विश्राम ले सकते हैं। इसके अलावा तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को भी विंडीज दौरे पर आराम दिया जा सकता है। बुमराह विश्वकप में काफी सफल रहे थे।
ऋषभ पंत को मौका मिलने की उम्मीद
उम्मीद है कि चयनकर्ता धौनी के बजाय विंडीज दौरे के लिए युवा विकेटकीपर ऋषभ पंत को मौका दें जिन्हें काफी समय से धौनी का उत्तराधिकारी भी माना जा रहा है। भारत को ऑस्ट्रेलिया में अगले वर्ष टी-20 विश्वकप खेलना है। धौनी को गत वर्ष अक्टूबर में वेस्टइंडीज और आस्ट्रेलिया दौरे में टी-20 सीरीज में भी जगह नहीं दी गई थी।
नंबर 4 के लिए युवाओं को मिल सकता है मौका
वर्तमान में भारत ए टीम वेस्टइंडीज दौरे पर है, जहां वह पांच गैर आधिकारिक वनडे मैचों की सीरीज में 3-0 से अपराजेय बढ़त बना चुकी है। टीम के कप्तान मनीष पांडे, शुभमन गिल, श्रेयस अय्यर, क्रुणाल पांड्या का अब तक इस सीरीज में प्रदर्शन बेहतरीन रहा है और चयनकर्ता मध्यक्रम में चौथे नंबर की अनसुलझी गुत्थी सुलझाने के लिए इनमें से किसी को मौका दे सकते हैं।
21 जुलाई को चुनी जाएगी टीम इंडिया

