डोंबिवलीः पर्युषण में अष्ट दिवसीय धर्म आराधना के लिए समाज ने गुरुचरणों में ज्ञापित की कृतज्ञता
डोंबिवली। शांतिदूत परम पूज्य आचार्य प्रवर की असीम अनुकम्पा से इस वर्ष डोंबिवली में उपासक श्रेणी से प्रवक्ता उपासक श्री शांतिलाल जी कोठारी, मुंबई एवं सहयोगी उपासक से दिनेश जी कोठारी केलवा का आगमन हुआ। आपकी गरिमामय व सम्माननीय उपस्थिति से पर्वाधिराज पर्युषण पर्व की अष्ट दिवसीय धर्माराधना विशुद्ध रूप से मंगलमय व निष्पतिपरक रही।
प्रातः कालीन प्रवचन में उपासक द्वय ने कालचक्र, भगवान ऋषभ, भगवान अरिष्ठनेमी तथा भगवान महावीर के 27 भवों आदि का अपनी सहज, सरल व मन भावन शैली में प्रस्तुत कर डोंबिवली समाज में धर्म गंगा प्रवाहित करने के साथ-साथ जन जागृति लाने का भी सार्थक प्रयास किया। रात्रि कालीन प्रवचन में प्रभावक आचार्यों के जीवन वृत का जीवंत चित्रण एवं सम सामायिक विषयों पर प्रभावी प्रवचन नई पीढ़ी के (युवक-युवतियों) के आकर्षण का मुख्य केंद्र रहा।
डोंबिवली समाज ने उपासक द्वय की उपस्थिति का पूरा-पूरा लाभ उठाते हुए जप, तप, ध्यान, स्वाध्याय और प्रवचन श्रवण से अपनी आत्मा को भावित करने का अनुकरणीय व सराहनीय प्रयास किया।
सभी सभा संस्थाओं के सकारात्मक सहयोग व सजगता से पर्युषण पर्व के आठों दिवस अखंड जप का क्रम सुचारू रूप से चला। प्रतिदिन प्रवचन के समय लगभग 200 से 240 एवं सायंकालीन प्रतिक्रमण में लगभग 100 से 125 भाई बहनों की उपस्थिति रहती थी। संवत्सरी के दिन मुख्य प्रवचन तथा सायं कालीन प्रतिक्रमण में लगभग 500 भाई बहनों की उपस्थिति रही। पर्युषण काल में 147 पौषध, 4 अट्ठाई, 55 तेले, दस प्रत्याख्यान, 800उपवास, ऐकासन आयंबिल आदि के द्वारा भाई बहनों ने तपस्या की व कर्म निर्जरा की। पूज्य प्रवर की इस असीम अनुकम्पा के लिए डोंबिवली समाज ने कृतज्ञता ज्ञापित की है।
डोंबिवलीः पर्युषण में अष्ट दिवसीय धर्म आराधना के लिए समाज ने गुरुचरणों में ज्ञापित की कृतज्ञता

