नई दिल्ली:चीनी सैनिकों ने एक बार फिर उकसाने वाली कार्रवाई करते हुए भारतीय इलाके में घुसपैठ की है। चीन की पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) के सैनिक अरुणाचल प्रदेश के ऊपरी दिबांग घाटी में घूमते पाए गए हैं। खुफिया सूत्रों ने कहा, स्थानीय लोग ऊपरी दिबांग घाटी में शिकार के लिए गए थे, जहां उन्होंने चीनी सेना के 11 सैनिकों को भारतीय इलाके में घूमते हुए पाया। स्थानीय लोगों ने चीनी सैनिकों की तस्वीरें ली हैं। यह घटना पांच से छह दिन पहले की बताई जा रही है।
हालांकि, आईटीबीपी ने इस घटनाक्रम पर किसी तरह का जवाब देने से इनकार किया। वहीं, सूत्रों का कहना है कि खुफिया एजेंसियों के जरिये रिपोर्ट मुख्यालय तक पहुंची है। ताजा घटनाक्रम ऐसे समय में हुआ है, जब भारत और चीन संयुक्त रूप से अफगान राजनयिकों को प्रशिक्षण कार्यक्रम में शिरकत कर रहे हैं।
डोकाला के बाद तनाव कम करने के हुए थे प्रयास : पिछले साल डोकाला में चीनी सैनिकों ने घुसपैठ की थी। घुसपैठ की इस घटना को लेकर भारत और चीन के बीच दो महीनों से ज्यादा समय तक गतिरोध चला और नई दिल्ली के कूटनीतिकि प्रयासों के चलते चीनी सेना को डोकाला से पीछे हटना पड़ा था। उसके बाद दोनों देशों की ओर से तनाव कम करने की कोशिशें हुई हैं। दोनों देशों के बीच उच्च स्तरीय बातचीत में फिर ऐसी घटना न होने का भरोसा दिलाया गया था। सूत्रों का कहना है कि इस तरह की घटना जानबूझ कर हुई या अनजाने में इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
पहले भी घुसे थे
अरुणाचल प्रदेश में चीनी सैनिकों के देखे जाने की यह पहली घटना नहीं है। चीनी सैनिकों की 2018 में 170 से ज्यादा बार भारतीय इलाकों में दाखिल होने की घटना खुफिया रिपोर्ट में सामने आई है। जबकि 2017 में इस तरह की 426 घटनाएं सामने आई थी।
डोकाला में 73 दिन चला था टकराव
जून 2017 में चीनी सैनिकों ने डोकाला में घुसपैठ की थी। चीनी सैनिक यहां पर एक सड़क का निर्माण कर रहे थे जिसे भारतीय सैनिकों ने रोक दिया। इसके बाद दोनों देशों के सैनिक आमने-सामने आ गए। इसे लेकर भारत और चीन के बीच तनाव बढ़ गया। इस दौरान 73 दिनों तक दोनों देशों में टकराव जैसी स्थिति बनी रही। लेकिन भारत के कूटनीतिक प्रयासों के चलते चीन को पीछे हटने पड़ा।
चीनी सैनिकों ने फिर लांघी सीमा, दिबांग घाटी में घूमते नजर आए

Leave a comment
Leave a comment