नई दिल्ली:राफेल सौदे पर उपजे विवाद को लेकर केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने शुक्रवार को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधा। प्रेस कांफ्रेंस कर पीयूष गोयल ने कहा कि अब समय है कि कांग्रेस अध्यक्ष झूठ बोलना बंद करें। एक ही झूठ को हजार पर बोलने से वह सच नहीं हो जाता है।
पीयूष गोयल ने कहा कि मुझे लगता है कि कांग्रेस पार्टी एक मुद्दा विहीन पार्टी है। उन्होंने राफेल पर आई फ्रेंच मीडिया हाउस की रिपोर्ट को ट्विस्ट कर दिया है। वहीं, सुप्रीम कोर्ट ने राफेल की कीमत और तकनीकी विवरणों पर चर्चा करने से इनकार कर दिया है जो कि देश की सुरक्षा के लिए संवेदनशील हैं।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि संसद में राहुल गांधी ने एक और झूठ बोला। वहां उन्होंने कहा कि उन्होंने व्यक्तिगत तौर पर फ्रांस के राष्ट्रपति से मुलाकात की। उन्हें यह भी नहीं पता कि समझौता उनकी सरकार द्वारा साल 2008 में किया गया था।
बता दें कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर गुरुवार को निशाना साधा था। उन्होंने 36 फाइटर जेट्स के लिए हुई 59,000 करोड़ रुपये की डील को स्पष्ट तौर पर भ्रष्टाचार का मामला बताया था।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा था कि रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण की फ्रांस यात्रा सरकार द्वारा इस सौदे पर पर्दा डालने की कोशिश का हिस्सा है। राहुल गांधी ने सीतारमण की फ्रांस यात्रा के समय पर सवाल उठाते हुए कहा कि मुझे नहीं पता कि क्या इमरजेंसी है।
राफेल मुद्दा: केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने राहुल गांधी पर साधा निशाना

Leave a comment
Leave a comment