राजकुमार गौतम/अनिल संबोधि
बस्ती। केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने मंगलवार को यहां सड़क, रिंगरोड एवं जलमार्ग परियोजना का शिलान्यास किया। इस मौके पर उनके साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे। शिलान्यास के गडकरी ने कई ‘चुनावी वादे’ करते हुए बस्ती के लोगों को काफी सब्जबाग दिखाए। केंद्रीय मंत्री शिलान्यास के बाद यहां के किसान पीजी कॉलेज में मुख्यमंत्री के साथ दोपहर करीब 12.30 बजे पहुंचे। जहां बड़ी संख्या में भाजपा के स्थानीय नेता, कार्यकर्ता सांसद, विधायक व अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।
केंद्रीय मंत्री ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि पेट्रोल व डीजल की खपत कम करने के लिए चीनी मिलें अब गन्ना से सीधे इथेनाल बनाएंगी। यह नई तकनीक केंद्र सरकार ने देश की अर्थव्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए इजाद की है। चीनी, मक्का आदि का भाव दुनिया के अन्य देशों में तय होता है। इसीलिए हमारे देश के किसान इसकी पैदावार का भरपूर लाभ नहीं उठा पाते हैं। उन्होंने वादा किया कि किसानों को ऐसी तकनीक दी जाएगी जिससे वह बिजली और बायो फ्यूएल के मुख्य स्रोत बनें। गन्ने के जूस, बगास, सीरा सीधे एथनाल तैयार करने की स्वीकृति केंद्र सरकार ने दे दी है। वह दिन दूर नहीं जब एथनाल से बस, आटो, बाइक आदि संसाधन सड़क पर दौड़ने लगेंगे।
इस दौरान मंच पर उनके साथ मौजूद सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विकास के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य,सड़क, पेयजल, आवास जैसी मूलभूत सुविधाओं की आवश्यकता पहले है। सरकार तैयार है लेकिन जनसहभागिता भी इसमें जरूरी है। साढ़े चार साल में केंद्र सरकार ने देश में व्यापक परिवर्तन किया है। यूपी में 1.20 लाख किलोमीटर सड़कों को गड्ढामुक्त किया गया। तहसील मुख्यालयों को टू लेन से जोड़ा गया। अधिकांश हाईवे फोरलेन व एक्सप्रेस वे में तब्दील किए जा रहे हैं। नौकरी के तमाम अवसर प्रदान किए गए। शिक्षकों की भर्ती हुई। पुलिस भर्ती के लिए प्रक्रिया चल रही है। अभी 50 हजार भर्तियां पुलिस विभाग में और निकाली जाएंगी। बगैर किसी भेदभाव के पारदर्शिता के साथ हमारी सरकार ने उत्तर प्रदेश की प्रतिभाओं को नौकरी देने का काम किया। 30 नवंबर तक प्रदेश के सभी जिले खुले में शौचमुक्त हो जाएंगे। इसी के साथ 11 लाख परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना से हम लाभान्वित करने जा रहे हैं। प्रधानमंत्री एक साथ इन परिवारों का गृह प्रवेश कराएंगे जो अपने आप में रिकार्ड है।
गडकरी ने यहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ बस्ती में अयोध्या छावनी से रामपुर तक रामजानकी मार्ग के चौड़ीकरण एंव सुदृढीकरण कार्य के साथ ही रामपुर से सिकरगंज रोड का सुदृढीकरण, बस्ती रिंग रोड निर्माण कार्य का भी शिलान्यास किया जिनकी लागत 1,015 करोड़ रु. बताई जा रही है। कार्यक्रम में भाजपा सांसद हरीश द्विवेदी के अलावा पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष सुशील सिंह सहित जिले के सभी विधायक, जिला परिषद सदस्यों सहित बड़ी संख्या में पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
नितिन गडकरी ने बस्ती में किया सड़क, रिंगरोड एवं जलमार्ग परियोजना का शिलान्यास

Leave a comment
Leave a comment