मुंबई:टेलीविजन के सबसे विवादित रियलिटी शो बिग बॉस 14 में इस साल लिजेंड्री सिंगर कुमार सानू के बेटे ने एंट्री ली है। जान सानू ने हिन्दी समाचार पत्र भास्कर से बातचीत में बताया था कि उनके पिता नहीं चाहते थे कि वो इस शो का हिस्सा बनें लेकिन बाद में उन्होंने मन बदल लिया था। अब हाल ही में शो में कुमार सानू का नाम लेकर घर के एक सदस्य राहुल वैद्य ने जान सानू को नेपोटिज्म का प्रोडक्ट बताया है। नेशनल टेलीविजन पर बेटे के लिए ऐसा सुनने पर कुमार काफी नाराज हुए हैं।
हाल ही में स्पॉटब्वॉय द्वारा शेयर किए गए वीडियो में कुमार सानू ने बिग बॉस में उठे नेपोटिज्म के मुद्दे पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। सिंगर ने कहा, ‘मेरा बेटा असल जिंदगी में एक बहुत अच्छा इंसान है। वो बहुत मदद करने वाला है लेकिन बिग बॉस हाउस में इतना प्रेशर रहता है कि आप वो भी कह देते हो जो आप कहना नहीं चाहते। वो बहुत यंग है और उसकी मां ने उसे अच्छा परवरिश दी है। मैं जान के बिग बॉस शो में जाने से खुश नहीं था। मैंने हमेशा उसे इस शो के लिए मना किया है। उसने खुद इसका ऑडीशन दिया और और सेलेक्ट हुआ, मैंने इसमें कोई मदद नहीं की है’।