पटना:नीतीश कुमार बिहार के लोगों को यहीं रोजगार दे देते तो घर-परिवार को छोड़र उन्हें रोजी-रोटी के लिए दूसरे शहरों में पलायन नहीं करना पड़ता। कोरोना काल में बाहर में रह रहे बिहार के लोग भारी संख्या में अपने-अपने घर लौटे थे। लेकिन, रोजगार नहीं मिलने पर वह पुन: रोजी-रोटी के लिए पलायन कर गए। उक्त बातें बसपा प्रमुख मायावती ने कहा। वह शुक्रवार को शहर के हवाई अड्डा मैदान में आयोजित चुनावी सभा में बोल रही थीं। उन्होंने कहा कि बिहार में किसी भी पार्टी की सरकार बनी लोगों को रोजगार देने व उनके उत्थान के बारे में नहीं सोचा। यही कारण है कि यहां के लोग आर्थिक रूप से समृद्ध नहीं हो सके। यही स्थिति देश की भी है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने देश में लंबे समय तक शासन किया। लेकिन, लोगों की माली हालत सुधारने व विकास के बारे में ठोस पहल नहीं की। वर्तमान सरकार में भी देश का विकास बेहतर ढंग से नहीं हो रहा है। उन्होंने आह्वान किया कि आपलोग इस बार बिहार में नए गठबंधन की सरकार बनाइए। भभुआ से रालोसपा के बीरेंद्र कुशवाहा, मोहनियां से रालोसपा की सुमन देवी, रामगढ़ से बसपा के अंबिका सिंह यादव व चैनपुर से बसपा के मो. जमा खां को भारी मतों से जीताएं। उपेन्द्र कुशवाहा ही नए गठबंधन के मुख्यमंत्री होंगे। बिहार में नए गठबंधन की सरकार की बनी तो यूपी की तरह सर्वजन हिताय- सर्वजन सुखाय के तर्ज पर लोगों का समुचित विकास होगा।