मुंबई:15 अक्टूबर से कुछ राज्यों को छोड़ बाकी जगहों पर सिनेमा हॉल खुल चुके हैं। फिर भी ट्रेड विश्लेषकों, वितरकों और सिनेमाघर संचालकों को दिवाली से लेकर साल के अंत तक 700 करोड़ रु. के बॉक्स ऑफिस घाटे की आशंका है। वजह बड़े बजट की फिल्मों का रिलीज न होना है। मल्टीप्लेक्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया के सेक्रेटरी डीडी एलियास प्रकाश के मुताबिक, दिवाली, क्रिस्मस पर रिलीज होने वाली फिल्में 200 करोड़ रु. से ज्यादा का बिजनेस करती रही हैं।
निर्माता अक्सर तीन से चार हजार स्क्रीन पर फिल्में रिलीज करते हैं। इन स्क्रीन में रिलीज के पहले तीन दिनों में 70% तक दर्शकों की मौजूदगी तय रहती है। दिल्ली स्थित डिलाइट सिनेमाज के संचालक आरके मेहरोत्रा कहते हैं इस बार ऐसे हालात नहीं हैं। जहां सिनेमाघर खुले भी हैं, वहां दर्शक 10% भी नहीं हैं। 15 और 16 तारीख को तो पांच सौ की क्षमता वाले थिएटरों में 50 से 60 दर्शक ही थे। यही हाल देश के टीयर टू और थ्री शहरों का भी है।
इतने कम दर्शक होंगे तो कोई भी फिल्म 100 करोड़ के क्लब में कैसे शामिल हो पाएगी। डिस्ट्रीब्यूटर अनिल धयानी बताते हैं- जिस दिन सिनेमाघर खुले, उस दिन आगरा के राजीव सिनेमा में ‘खलनायक’ दिखाई गई। 20 रुपए टिकट रखने पर सारे शो मिलाकर 300 लोग आए। मतलब कम टिकट प्राइस रखने पर भी एक शो में 50 से 60 लोग ही थे।